विकसित, विकासशील और थर्ड वर्ल्ड देशों के प्रचार में नारों का बड़ा महत्व है। भारत में ‘पढ़ेगा इंडिया तो बढ़ेगा इंडिया’ जैसे नारे तो आपने सुने ही होंगे, वहीं अमेरिका में भी ‘मेक अमेरिका ग्रेट अगेन’ और ‘मेक अमेरिका हेल्दी अगेन’ जैसे नारे खूब चर्चा में रहे हैं। पहले नारे से डोनाल्ड ट्रंप ने राष्ट्रपति पद पर काबिज़ होने का रास्ता तैयार किया था। अब ‘मेक अमेरिका हेल्दी अगेन’ के तहत वे अमेरिका को स्वस्थ बनाने के लिए कदम उठाने वाले हैं। इस नारे को लेकर अब ट्रंप के भावी स्वास्थ्य मंत्री आरएफके जूनियर ट्रोल हो रहे हैं, और वजह भी दिलचस्प है।
बर्गर खिलाकर अमेरिका को हेल्दी बनाएंगे ट्रंप के स्वास्थ्य मंत्री
नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने भावी स्वास्थ्य मंत्री को अमेरिका को फिर से स्वस्थ बनाने का जिम्मा सौंपा था। लेकिन इस बीच एक तस्वीर वायरल हो रही है, जिसमें ट्रंप, उनके बेटे ट्रंप जूनियर, टेस्ला के सीईओ एलोन मस्क और भावी हेल्थ मंत्री आरएफके जूनियर बर्गर खाते हुए पोज़ दे रहे हैं। ट्रंप जूनियर ने यह तस्वीर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर शेयर की, जिसमें कैप्शन था – मेक अमेरिका हेल्दी अगेन प्रोग्राम कल से शुरू होगा। तस्वीर में आरएफके जूनियर बर्गर खाते हुए दिखाई दे रहे थे, जिसे लेकर सोशल मीडिया पर बवाल मच गया।
सोशल मीडिया पर उड़ा मजाक
डोनाल्ड ट्रंप और उनके परिवार का फास्ट फूड के प्रति प्यार किसी से छिपा नहीं है। बर्गर उनके पसंदीदा खाद्य पदार्थों में से एक है, लेकिन जब उनके भावी हेल्थ मिनिस्टर भी बर्गर खाते दिखे, तो लोग इसका मजाक उड़ाने लगे। एक यूजर ने लिखा, आखिर आरएफके जूनियर को मैकडॉनल्ड्स खाने के लिए कैसे मिला? वहीं कुछ अन्य ने तंज कसते हुए कहा, अगर आरएफके जूनियर को मैकडॉनल्ड्स खाने के लिए मजबूर किया गया तो वह इस प्रशासन में ज्यादा दिन नहीं टिक पाएंगे।
गुस्से की वजह क्या है
सोशल मीडिया पर इस फोटो को लेकर कई तरह के प्रतिक्रियाएं आ रही हैं। एक कारण यह भी बताया जा रहा है कि ट्रंप के परिवार का अरबों-खरबों का साम्राज्य है और उन पर पहले भी ‘ऑफिस ऑफ प्रॉफिट’ का आरोप लग चुका है। कुछ लोग यह मानते हैं कि इस तस्वीर के जरिए अनजाने में किसी खास कंपनी, जैसे मैकडॉनल्ड्स को प्रमोट किया गया है। जब बड़े-बड़े प्रभावशाली लोग किसी ब्रांड का खाना खाते हैं, तो यह एक प्रकार का अप्रत्यक्ष प्रमोशन हो सकता है, जिससे अन्य ब्रांड्स को नुकसान हो सकता है।
इसके अलावा अमेरिकी स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले एक दशक में मोटापा अमेरिका की प्रमुख स्वास्थ्य समस्या बन चुका है और इसके पीछे एक बड़ी वजह फास्ट फूड और जंक फूड का सेवन बताया जा रहा है। ऐसे में जब ट्रंप और उनके मंत्री सार्वजनिक रूप से फास्ट फूड खाते हुए दिखे, तो यह एक खराब संदेश गया।
