इस बदलते मौसम में रेस्पिरेट्री सिंसाइशियल वायरस (RSV) तेजी से फैल रहा है। ठंड के मौसम में यह वायरस खासकर छोटे बच्चों और बुजुर्गों के लिए खतरा बन सकता है। आरएसवी आमतौर पर सर्दी-खांसी जैसे हल्के लक्षणों से शुरू होता है, लेकिन अगर इसे नजरअंदाज किया जाए तो यह गंभीर सांस से जुड़ी बीमारियों का कारण बन सकता है। आइए जानते हैं आरएसवी इंफेक्शन के बारे में विस्तार से और इससे बचाव के उपायों पर।

आरएसवी वायरस क्या है और कैसे फैलता है

आरएसवी एक श्वसन प्रणाली से जुड़ा वायरस है, जो मुख्य रूप से खांसी, छींक और संक्रमित सतहों के संपर्क में आने से फैलता है। जब कोई संक्रमित व्यक्ति खांसता या छींकता है, तो वायरस हवा में फैल सकता है, जिससे पास खड़े लोग प्रभावित हो सकते हैं। इसके अलावा दूषित सतहों जैसे दरवाजों के हैंडल, खिलौने या टेबल—को छूने से भी वायरस शरीर में प्रवेश कर सकता है। संक्रमित व्यक्ति के हाथों से आंख, नाक या मुंह छूने पर भी वायरस फैल सकता है।

आरएसवी के लक्षण

नाक बहना

खांसी

छींक आना

हल्का बुखार

गले में खराश

सिरदर्द

यदि वायरस गंभीर रूप ले ले तो यह ब्रोंकियोलाइटिस (सांस की नलियों का सूजन) और निमोनिया (फेफड़ों में सूजन) का कारण बन सकता है। इस संक्रमण से शरीर में ऑक्सीजन की कमी हो सकती है और सांस लेने में कठिनाई हो सकती है। बच्चों और बुजुर्गों में डिहाइड्रेशन और कान में संक्रमण जैसे अतिरिक्त समस्याएं भी हो सकती हैं।

किसे है ज्यादा खतरा

आरएसवी से सबसे अधिक प्रभावित होने का खतरा छोटे बच्चों, खासकर जो समय से पहले पैदा हुए हों या दो वर्ष से कम आयु के हों, उन पर ज्यादा होता है। इन बच्चों का इम्यून सिस्टम पूरी तरह से विकसित नहीं होता है, जिससे वे वायरस के प्रभाव से जल्दी प्रभावित हो सकते हैं। बुजुर्गों का इम्यून सिस्टम उम्र बढ़ने के साथ कमजोर हो जाता है, जिससे वे भी वायरस से अधिक प्रभावित हो सकते हैं। इसके अलावा, अस्थमा, हृदय रोग, या अन्य पुरानी बीमारियों से पीड़ित लोग भी इसके गंभीर प्रभावों का सामना कर सकते हैं।

बचाव के उपाय

हाथ धोएं

बाहर से आने पर या संक्रमित व्यक्ति से संपर्क करने के बाद हाथों को साबुन और पानी से अच्छी तरह धोएं।

चेहरे को न छुएं

आंख, नाक और मुंह को बार-बार छूने से बचें, क्योंकि इससे वायरस सीधे शरीर में प्रवेश कर सकता है।

मास्क पहनें

यदि किसी को हल्के लक्षण हैं या संक्रमण का खतरा है, तो मास्क पहनने से बचाव किया जा सकता है। इसके अलावा, भीड़-भाड़ वाली जगहों पर जाने से बचें।

इम्यूनिटी बढ़ाएं

शरीर की प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत बनाने के लिए विटामिन C से भरपूर आहार लें, जैसे कि ताजे फल और हरी पत्तेदार सब्जियां।

साफ-सफाई रखें

घर और कामकाजी जगहों को स्वच्छ रखें। वायरस के फैलने से बचने के लिए संक्रमित सतहों को नियमित रूप से साफ करें।

Disclaimer: इस लेख में दी गई जानकारी केवल जागरूकता के लिए है और किसी भी चिकित्सा सलाह का विकल्प नहीं है। स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के लिए हमेशा विशेषज्ञ से सलाह लें।

By tnm

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *