दुनिया भर में डायबिटीज के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। मोटापे और अनहेल्दी लाइफस्टाइल के अलावा शुगर या डायबिटीज अब एक आम समस्या बन चुकी है। इस बीमारी का सबसे खतरनाक पहलू यह है कि इसे नियंत्रण में रखना आसान नहीं है, और इसके लिए खानपान में सही बदलाव बेहद जरूरी होते हैं। विशेष रूप से डायबिटीज के मरीजों को अपनी डाइट को लेकर सतर्क रहना पड़ता है, क्योंकि छोटी सी भी लापरवाही शुगर लेवल को बढ़ा सकती है। इस लेख में हम जानेंगे कि सर्दियों के मौसम में लोकप्रिय मूंगफली डायबिटीज के मरीजों के लिए कितनी सुरक्षित है।
क्या डायबिटीज में मूंगफली खा सकते हैं

अगर आपके मन में यह सवाल है, तो इसका जवाब है हां, आप डायबिटीज में मूंगफली खा सकते हैं, लेकिन कुछ विशेष सावधानियां बरतनी चाहिए। मूंगफली में हेल्दी फैट, प्रोटीन, फाइबर, खनिज और एंटीऑक्सिडेंट्स होते हैं, जो स्वास्थ्य के लिए लाभकारी होते हैं। मूंगफली और पीनट बटर का ग्लाइसेमिक इंडेक्स (GI) बहुत कम होता है, जो इसे उच्च रक्तचाप (हाई ब्लड प्रेशर) और डायबिटीज के मरीजों के लिए एक सुरक्षित विकल्प बनाता है।
कुछ शोधों में यह पाया गया है कि जो लोग नियमित रूप से मूंगफली का सेवन करते हैं, उनमें टाइप-2 डायबिटीज का खतरा कम होता है। हालांकि यह महत्वपूर्ण है कि मूंगफली का सेवन उचित मात्रा में किया जाए, क्योंकि अधिक मात्रा में सेवन से शुगर कंट्रोल में परेशानी आ सकती है।
मूंगफली खाने के फायदे
मूंगफली में कई पोषक तत्व होते हैं जो डायबिटीज और सामान्य स्वास्थ्य दोनों के लिए फायदेमंद हो सकते हैं।
प्रोटीन और हेल्दी फैट

मूंगफली में प्रोटीन और स्वस्थ वसा (Healthy fats) होते हैं, जो ब्लड शुगर को स्थिर रखने में मदद करते हैं और कोलेस्ट्रॉल को नियंत्रित करते हैं।
फाइबर

मूंगफली में फाइबर की मात्रा भी अधिक होती है, जो पाचन को बेहतर बनाता है और शरीर में शर्करा की अवशोषण दर को धीमा करता है।
खनिज और विटामिन

मूंगफली में मैग्नीशियम, पोटैशियम, कैल्शियम और आयरन जैसे खनिज होते हैं, जो हृदय स्वास्थ्य और रक्तदाब को नियंत्रित रखने में मदद करते हैं।
कम ग्लाइसेमिक इंडेक्स

मूंगफली का ग्लाइसेमिक इंडेक्स बहुत कम होता है, जिससे यह शुगर लेवल को जल्दी बढ़ाती नहीं है, और यह डायबिटीज मरीजों के लिए एक सुरक्षित स्नैक विकल्प है।
अमेरिका के कृषि विभाग के अनुसार 100 ग्राम कच्ची मूंगफली में 567 कैलोरी, 25.8 ग्राम प्रोटीन, 49.2 ग्राम वसा, 16.1 ग्राम कार्बोहाइड्रेट्स, 8.5 ग्राम फाइबर और 92 मिलीग्राम कैल्शियम, 4.58 मिलीग्राम आयरन, 3.27 मिलीग्राम जिंक होते हैं।
मूंगफली खाने से जुड़ी कुछ सावधानियां
अत्यधिक सेवन से पोषक तत्वों की कमी

मूंगफली फॉस्फोरस का अच्छा स्रोत होती है, जो फाइटिक एसिड के रूप में मौजूद रहता है। अत्यधिक फाइटेट के सेवन से आयरन, जिंक, कैल्शियम और मैंगनीज जैसे खनिजों का अवशोषण बाधित हो सकता है, जिससे पोषक तत्वों की कमी हो सकती है। लंबे समय तक यही समस्या बनी रही, तो अन्य स्वास्थ्य समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं।
वजन बढ़ने का खतरा

मूंगफली में कैलोरी की मात्रा अधिक होती है। इसलिए डायबिटीज और वजन कम करने की कोशिश करने वाले व्यक्तियों को इसका सेवन सीमित मात्रा में करना चाहिए। यदि आप डाइटिंग कर रहे हैं तो दिन में एक मुट्ठी मूंगफली (करीब 30 ग्राम) ही पर्याप्त है, जिससे 170 कैलोरी प्राप्त होती है और आपको लंबे समय तक संतुष्टि मिलती है।
पेट में समस्या

अधिक मात्रा में मूंगफली खाने से पेट में सूजन, दर्द, कब्ज या दस्त जैसी समस्याएं हो सकती हैं। यदि आपको पहले से ही पेट से संबंधित कोई समस्या है तो मूंगफली का सेवन संयमित मात्रा में करें।
एलर्जी का खतरा

मूंगफली से एलर्जी होना एक सामान्य समस्या है, खासकर बच्चों में। मूंगफली की थोड़ी सी मात्रा भी कुछ लोगों में एलर्जिक रिएक्शन पैदा कर सकती है, जैसे नाक बहना, गले में झुनझुनी, त्वचा पर चकत्ते, सांस लेने में कठिनाई, या पाचन समस्याएं। इन लक्षणों को पहचानना और तुरंत इलाज करवाना जरूरी है, क्योंकि यह घातक हो सकता है।
Disclaimer: इस लेख में दी गई जानकारी केवल जागरूकता के लिए है और किसी भी चिकित्सा सलाह का विकल्प नहीं है। स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के लिए हमेशा विशेषज्ञ से सलाह लें।
