छठ महापर्व के खास अवसर पर श्रद्धालु सूर्य देव की पूजा करते हैं और इस दौरान कई विशेष व्रत और अनुष्ठान किए जाते हैं हालांकि, यह पर्व उन लोगों के लिए कुछ चुनौतियां भी लेकर आता है, जो डायबिटीज जैसी स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे हैं। छठ पूजा के दौरान, लोग पारंपरिक मिठाइयां और अन्य फूड्स का सेवन करते हैं, जिसमें चूड़ा, ठेकुआ और गुड़ जैसी चीजें शामिल हैं। ये सभी फूड आइटम्स अक्सर हाई ग्लाइसेमिक इंडेक्स वाली होती हैं, जो शरीर में ब्लड शुगर के लेवल को बढ़ा सकती हैं। ऐसे में डायबिटीज के मरीजों को खास सावधानी बरतने की जरूरत होती है। इस आर्टिकल के जरिए आज आपको बताते हैं कि छठ पूजा के दौरान डायबिटीज के मरीजों को अपना ध्यान आखिर कैसे रखना चाहिए।
शुगर लेवल की करवाएं जांच
छठ पूजा के दौरान शुगर लेवल की नियमित जांच करवाना बहुत जरूरी है। यदि आपका ब्लड शुगर लेवल बहुत ज्यादा या फिर बहुत कम है, तो डॉक्टर से सलाह लें कि क्या आपको इस दौरान कोई विशेष दवाई लेनी चाहिए।

एक्टिव रहें
छठ पूजा के दौरान विशेष रूप से जल के पास खड़े होकर अर्ध्य अर्पित करने की प्रक्रिया में फिजिकल एक्टिविटी भी शामिल होती है। अपने शरीर को एक्टिव रखने के लिए कुछ हल्की-फुल्की एक्सरसाइज या फिर स्ट्रेचिंग करें। इससे ब्लड फ्लो बेहतर होगा और आपका एनर्जी लेवल भी बढ़ेगा।
बैलेंस डाइट लें
डॉक्टर्स की मानें तो डायबिटीज मरीजों को निर्जला व्रत रखने की सलाह नहीं दी जाती ऐसा इसलिए, क्योंकि इस व्रत के दौरान लोग लंबे समय तक बिना कुछ खाए-पिए रहते हैं जो कि डायबिटीज के मरीजों के लिए हानिकारक होता है। छठ पूजा के दौरान पारंपरिक फूड आइटम्स जैसे ठेकुआ, चूड़ा, गुड़ आदि का सेवन किया जाता है। डायबिटीज के मरीजों को इन फूड आइटम्स का सेवन सीमित मात्रा में ही करना चाहिए। ऐसे फूड आइटम्स का चयन करें जो कम ग्लाइसेमिक इंडेक्स वाले हों जैसे कि ज्वार, बाजरा और साबुत अनाज ये फूड्स धीरे-धीरे पचते हैं और ब्लड शुगर लेवल को स्थिर रखने में भी मदद करते हैं।
खास मिठाइयों से बचें
छठ पूजा के दौरान कुछ खास मिठाइयों का सेवन बढ़ जाता है, जो डायबिटीज के मरीजों के लिए हानिकारक हो सकता है। खासकर मीठे पकवान जैसे कि ठेकुआ और लड्डू से दूर रहें। यदि आप मिठाई का सेवन करना चाहते हैं तो इसके स्थान पर नैचुरल मीठे जैसे खजूर या सूखे मेवे का सेवन करें। डायबिटीज के मरीजों को ध्यान रखना चाहिए कि वे अपने स्वास्थ्य के अनुकूल विशेष सामग्रियों का ही इस्तेमाल करें जैसे, चीनी की जगह सीमित मात्रा में गुड़ का प्रयोग करें ऐसा इसलिए है क्योंकि गुड़ के सेवन से शरीर को एनर्जी मिलती है और यह ब्लड शुगर के लेवल को स्थिर रखने में मदद करेगा।

पर्याप्त पानी पिएं
डायबिटीज के मरीजों को ध्यान रखना चाहिए कि वे पूरा पानी पीते रहें ताकि शरीर में पानी की कमी न हो। पानी न सिर्फ आपको हाइड्रेटेड रखेगा बल्कि यह आपके शरीर में शुगर के लेवल को भी कंट्रोल करेगा।
इस बात का भी रखें ध्यान
छठ पूजा एक पारंपरिक त्योहार है लेकिन डायबिटीज के मरीजों को इसे मनाने में कुछ सावधानियां बरतनी चाहिए। सही डाइट, नियमित जांच और सावधानी बरतने से आप इस पर्व का आनंद ले सकते हैं। इस तरह, न सिर्फ आप इस पावन पर्व का आनंद ले पाएंगे, बल्कि अपनी सेहत का भी ध्यान रख सकेंगे।

