अगर आप भी चश्मा डालते हैं तो हो जाएं सावधान। दरअसल हाल ही में बर्मिंघम, इंग्लैंड में एक चश्मा बनाने वाली कंपनी, स्पेक्सवर्स ऑप्टिकल ग्रुप लिमिटेड, की एक गंभीर गलती के कारण एक व्यक्ति की एक आंख की रोशनी चली गई। यदि समय पर इस व्यक्ति की आंख की सर्जरी हो जाती, तो शायद वह अपनी दृष्टि को बचा सकता था। आइए जानते हैं इस मामले की पूरी जानकारी।
क्या है पूरा मामला
50 वर्षीय डेविड ने कभी नहीं सोचा था कि एक साधारण चश्मे की जांच उसके लिए इतना बड़ा खतरा बन जाएगी। उन्हें केवल पढ़ने और टीवी देखने के लिए चश्मा पहनने की जरूरत थी। लेकिन मार्च 2019 में डेविड ने अपनी आंख के सामने अचानक डॉट्स और फ्लैश लाइट की चमक देखी। इस असामान्य स्थिति को लेकर वह चिंतित हुआ और तुरंत स्पेक्सवर्स के स्टोर पर जाकर अपनी आंखों का चेकअप कराने का निर्णय लिया।
विशेषज्ञ की सलाह और समस्या की गंभीरता
स्टोर पर मौजूद आई स्पेशलिस्ट ने उनकी आंखों की जांच की और पाया कि उनकी रेटिना अलग हो रही थी। रेटिना का अलग होना एक गंभीर चिकित्सा स्थिति है, जिसमें आंख के अंदर रोशनी के प्रति संवेदनशील कोशिकाओं की परत ढीली हो जाती है। इसके लिए तत्काल सर्जरी की आवश्यकता होती है।
इमरजेंसी सर्जरी का इंतजार
डॉक्टर ने डेविड को सलाह दी कि उन्हें तुरंत सर्जरी करानी चाहिए। हालांकि डेविड को सर्जरी के लिए किडरमिन्स्टर अस्पताल के नेत्र रोग विभाग में भेजा गया, लेकिन यह प्रक्रिया इतनी सरल नहीं थी। डेविड ने आरोप लगाया कि उन्हें इमरजेंसी सर्जरी के लिए एक हफ्ते तक इंतजार करना पड़ा।
इस दौरान आई स्पेशलिस्ट ने सर्जरी के लिए अस्पताल से संपर्क करने की कोशिश की। उन्होंने पहले फोन किया, लेकिन बात नहीं हो पाई। फिर उन्होंने फैक्स भेजा, लेकिन डेविड को घर पर इंतजार करने के लिए कहा गया। एक सप्ताह तक कोई प्रतिक्रिया नहीं आई, और इस बीच डेविड की आंख की स्थिति बिगड़ती चली गई।
सर्जरी के बाद की स्थिति
आखिरकार जब डेविड ने एनएचएस 111 की आपातकालीन चिकित्सा हेल्पलाइन को कॉल किया, तो उसे उसी दिन किडरमिन्स्टर अस्पताल में एक सर्जन द्वारा चेकअप किया गया। लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी, उसकी दाहिनी आंख की रोशनी चली गई थी। सर्जन ने उसकी आंख की सर्जरी की, लेकिन रोशनी वापस नहीं आई।
स्पेक्सवर्स ने इस मामले में अपनी गलती स्वीकार की। उन्होंने कहा कि अगर उसी दिन सर्जरी हो जाती, तो शायद डेविड की आंख की रोशनी बचाई जा सकती थी।
Disclaimer: इस लेख में दी गई जानकारी केवल जागरूकता के लिए है। किसी भी चिकित्सा स्थिति के लिए योग्य चिकित्सक से सलाह लेना आवश्यक है।
