मेडिकल की दुनिया में कई ऐसे मामले सामने आते हैं, जिससे लोग ही नही डॉक्टर भी काफी हैरान हो जाते हैं। दरअसल हाल ही में बिहार के सीतामढ़ी में एक महिला ने निजी नर्सिंग होम में एक साथ चार बच्चों को जन्म देकर सबको हैरान कर दिया। यह मामला और भी चौंकाने वाला था, क्योंकि महिला के गर्भवती होने के दौरान अल्ट्रासाउंड में केवल तीन बच्चों की पुष्टि की गई थी। जब डिलिवरी का समय आया, तो डॉक्टरों को देखने को मिला कि महिला के पेट में एक नहीं, बल्कि चार बच्चे हैं।
गर्भवती महिला की कहानी
सीतामढ़ी के बाजापट्टी थाना क्षेत्र के शहरोवा गांव में रहने वाले रमेश कुमार की पत्नी, रूपी कुमारी, जब प्रसव के लिए अस्पताल पहुंची, तो उनकी हालत गंभीर थी। पेट में दर्द के कारण उन्हें तुरंत भर्ती कराया गया। अल्ट्रासाउंड में डॉक्टरों ने पाया कि महिला के पेट में तीन बच्चे हैं। जब लेबर रूम में डिलिवरी की गई, तो वहां सबको हैरान कर देने वाला दृश्य देखने को मिला।
एक साथ चार बच्चों का जन्म
डॉक्टर प्रवीण कुमार ने बताया कि यह एक अद्भुत चमत्कार है। उन्होंने बताया कि सोनोग्राफी में तीन बच्चों का ही पता चला था, लेकिन सिजेरियन ऑपरेशन के दौरान पहले एक लड़की और उसके बाद तीन लड़कों ने जन्म लिया। चारों बच्चे स्वस्थ हैं और मां भी बिल्कुल ठीक हैं।
पहली बार प्रेग्नेंट हुई महिला
22 साल की रूपी कुमारी के लिए यह पहला प्रेग्नेंसी अनुभव था। डॉक्टर प्रवीण ने कहा, यह मामला हमारे लिए बहुत खास है। हमने इससे पहले इस तरह का मामला नहीं देखा था। नवरात्रि के दौरान इस घटना के होने से इसे और भी शुभ माना जा रहा है।
डिलिवरी का प्लान
डॉक्टरों की टीम में डॉक्टर प्रतिमा आनंद, डॉक्टर ऋत्विक और एनेस्थीसिया की डॉक्टर शोभा शामिल थीं। उन्होंने पहले ही अल्ट्रासाउंड के परिणामों को देखकर सिजेरियन डिलिवरी का फैसला किया। डॉ. प्रवीण ने बताया, “हमें काफी गंभीर दर्द के साथ मरीज मिले थे। इसलिए ऑपरेशन की योजना बनाई गई और सभी बच्चे स्वस्थ हैं।
परिवार की खुशी और मदद की गुहार
रमेश कुमार का परिवार इस अद्भुत अनुभव से बेहद खुश है। बच्चों की दादी, गिरिजा देवी ने कहा, हमें तीन पोते और एक पोती मिली है। यह हमारी खुशी का दिन है, लेकिन अब हमें सरकारी मदद की आवश्यकता है। हम एक गरीब परिवार हैं और इन चार बच्चों की देखभाल करना हमारे लिए कठिन होगा।
