आजकल बालों का झड़ना एक आम समस्या बन गया है, जिसका सामना लगभग हर उम्र के लोग कर रहे हैं। इसके पीछे कई कारण हो सकते हैं। जैसे खराब-खानपान, तनाव और हार्मोनल बदलाव आदि लेकिन क्या आप जानते हैं कि हेयर स्टाइल भी बालों के झड़ने का एक मुख्य कारण हो सकता है? अक्सर लोग फैशन के चलते टाइट पोनीटेल, बन या ब्रैड्स जैसे हेयर स्टाइल्स अपनाते हैं जो लंबे समय तक बालों पर खिंचाव डालती हैं, यह खिंचाव बालों की जड़ों को कमजोर करता है जिससे बाल झड़ने लगते हैं। इस प्रकार के हेयर स्टाइल्स से बालों को नुकसान पहुंच सकता है जिसे मेडिकल भाषा में ‘ट्रैक्शन अलोपेसिया’ कहते हैं यह स्थिति तब होती है जब बालों पर लंबे समय तक तनाव या खिंचाव बना रहता है। खासकर वे लोग जो नियमित रूप से टाइट हेयर स्टाइल्स अपनाते हैं उन्हें यह समस्या हो सकती है। आइए जानते हैं कि कैसे हेयर स्टाइल्स बालों के झड़ने का कारण बन सकते हैं और इससे बचने के लिए आप क्या उपाय अपना सकते हैं।
बार-बार ब्रैड्स बनाना
ब्रैड्स (चोटी) एक फेमस हेयरस्टाइल है लेकिन इसे लगातार टाइट बनाकर रखना बालों के लिए हानिकारक हो सकता है। यह आपके बालों की जड़ों को कमजोर करता है और इससे बालों का गिरना शुरू हो सकता है। डॉक्टर्स के अनुसार , अगर आप ब्रैड्स पसंद करते हैं तो इन्हें ढीला बांधें और बार-बार एक ही स्टाइल से बचें।

बालों में तनाव के संकेतों पर ध्यान दें
अगर आप अपने बालों की जड़ों के आसपास किसी भी प्रकार की थिनिंग या बालों के गिरने के संकेत देखते हैं तो आप अपनी हेयरस्टाइल बदलें। बालों के गिरने की समस्या को नजरअंदाज न करें। यदि आप बालों में इस प्रकार की समस्या महसूस करें तो तुरंत अपने हेयरस्टाइल को बदलें और बालों की देखभाल पर ध्यान दें।
पार्टिंग बदलते रहें
अगर आप हमेशा एक ही जगह से बालों की पार्टिंग करते हैं, तो इससे भी आपके बालों पर दबाव पड़ सकता है। लगातार एक ही स्थान से बालों को बांधना बालों को कमजोर बना सकता है और बालों की जड़ों पर दबाव डल सकता है डॉक्टर रश्मि की सलाह है कि समय-समय पर अपनी बालों की पार्टिंग बदलते रहें ताकि बालों की जड़ों पर दबाव न पड़े और बाल हेल्दी रहें।
कसी हुई पोनीटेल और बन हेयरस्टाइल्स
टाइट पोनीटेल या बन बनाकर बालों को बार-बार खींचने से बालों की जड़ों पर जोर डलता है। लगातार बालों को इस तरह खींचने से बाल कमजोर हो जाते हैं और झड़ने लगते हैं। यह समस्या खासकर उन लोगों में ज्यादा होती है जो नियमित रूप से इस तरह की हेयरस्टाइल्स अपनाते हैं। ऐसी हेयरस्टाइल्स से बचें जो आपके बालों की जड़ों पर ज्यादा दबाव डालती हैं।

हेयरवीव्स का लगातार उपयोग
हेयरवीव्स का उपयोग कई लोग करते हैं, लेकिन लंबे समय तक हेयरवीव्स का लगातार उपयोग भी बालों के झड़ने का कारण बन सकता है। हेयरवीव्स को बार-बार बदलते रहें ताकि बालों पर दबाव न पड़े। अगर आपको हेयरवीव्स का शौक है तो इन्हें कम समय के लिए पहनें और समय-समय पर बदलते रहें।
इस बात का भी रखें ध्यान
बालों के झड़ने की समस्या से बचने के लिए कंडीशनर का प्रयोग करें और बालों को धूप और प्रदूषण से बचाने के लिए स्कार्फ या हैट का प्रयोग करें। इसके अलावा, बालों को हीट से बचाने के लिए हेयर ड्रायर या स्ट्रेटनर का उपयोग सीमित करें। हेल्दी बालों के लिए खानपान पर ध्यान देना बहुत जरूरी है। डाइट में विटामिन्स और मिनरल्स की मात्रा बढ़ाएं ताकि बालों को पोषण मिल सके। आयरन और प्रोटीन युक्त डाइट जैसे हरी पत्तेदार सब्जियां, दालें और नट्स को अपने भोजन में शामिल करें।

टाइट हेयरस्टाइल्स को कम करके आप अपने बालों को हेल्दी रख सकते हैं और बालों के झड़ने की समस्या से बच सकते हैं। थोड़ी सी समझदारी और सही देखभाल बालों की सेहत बनाए रखने में मदद कर सकती है। बालों की नियमित देखभाल करें सही डाइट लें और हेयरस्टाइल बदलने की आदत डालें ताकि आपके बाल हमेशा हेल्दी और मजबूत बने रहें।
