मोटापे की समस्या दुनियाभर में करोड़ों लोगों को प्रभावित कर रही है। वजन घटाने का क्रेज इतना बढ़ गया है कि लोग बिना सोचे-समझे दवाओं और इंजेक्शंस का सहारा ले रहे हैं। बाजार में कई तरह की वेट लॉस दवाएं और इंजेक्शन उपलब्ध हैं, जो वजन कम करने का दावा करते हैं, लेकिन इनका अंधाधुंध उपयोग गंभीर परिणाम पैदा कर सकता है। हाल ही में किए गए एक सर्वे में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि हर 4 में से 1 व्यक्ति डॉक्टर की सलाह के बिना वेट लॉस इंजेक्शन और दवाओं का उपयोग कर रहा है।
सर्वे से हुआ खुलासा
अमेरिका की ओहियो स्टेट यूनिवर्सिटी द्वारा किए गए सर्वे में 1006 अमेरिकी वयस्कों का अध्ययन किया गया, जिसमें यह सामने आया कि 25% लोग वजन घटाने के लिए डॉक्टर की सलाह नहीं ले रहे हैं। इस सर्वे के अनुसार लोग डॉक्टर के प्रिस्क्रिप्शन की बजाय सस्ते और गैर-लाइसेंस प्राप्त ऑनलाइन फार्मेसी से वेट लॉस दवाएं खरीद रहे हैं, जिससे उनकी सेहत पर गंभीर प्रभाव पड़ सकता है। इसकी प्रमुख वजह है महंगे मेडिकल बिल और बीमा कवरेज की कमी, जिसके चलते लोग डॉक्टर के पास जाने से बचते हैं।
डॉक्टर की सलाह क्यों जरूरी है
ओहियो स्टेट यूनिवर्सिटी के इंटरनल मेडिसिन फिजिशियन शेंगयी माओ के अनुसार जो लोग अपना वजन कम करना चाहते हैं, उन्हें सबसे पहले अपने डॉक्टर से इस बारे में चर्चा करनी चाहिए। हर दवा हर व्यक्ति के लिए एक जैसी नहीं होती और इससे जुड़ी कई जटिलताएं हो सकती हैं। डॉक्टर मरीज की मेडिकल हिस्ट्री और अन्य कारकों को ध्यान में रखते हुए दवा लिखते हैं ताकि साइड इफेक्ट्स का जोखिम कम हो।
वेट लॉस इंजेक्शंस के साइड इफेक्ट्स
हाल ही में विकसित वेट लॉस ड्रग्स और इंजेक्शंस भूख को कम करने और पेट के खाली होने की प्रक्रिया को धीमा करने का काम करते हैं। लेकिन इनके गंभीर साइड इफेक्ट्स भी हो सकते हैं, जिनमें दिल की बीमारियां, गैस्ट्रोइंटेस्टाइनल समस्याएं और यहां तक कि मौत तक का खतरा हो सकता है।
US FDA की चेतावनी
यूएस फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (FDA) ने भी वेट लॉस इंजेक्शंस को लेकर चेतावनी जारी की है और लोगों से अपील की है कि वे अपनी मर्जी से इनका उपयोग न करें। हेल्थ एक्सपर्ट्स का मानना है कि मोटापा एक जटिल समस्या है, जिसे सही उपचार और डॉक्टर की सलाह से ही नियंत्रित किया जाना चाहिए।
कुल मिलाकर वजन घटाने के लिए लोग जो भी कदम उठाते हैं, उसमें सावधानी बरतनी जरूरी है। गलत तरीके से दवाओं और इंजेक्शंस का इस्तेमाल न सिर्फ स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचा सकता है, बल्कि जान का खतरा भी पैदा कर सकता है।
