स्कैल्प बिल्डअप एक ऐसी स्थिति है जिसमें स्कैल्प पर शैंपू, कंडीशनर, हेयर प्रोडक्ट्स, तेल और मृत त्वचा कोशिकाएं जमा हो जाती हैं। यह बिल्डअप धीरे-धीरे स्कैल्प की सतह पर परत की तरह जम जाता है, जिससे बालों और स्कैल्प को कई तरह की समस्याएं हो सकती हैं। लंबे समय तक स्कैल्प बिल्डअप के कारण बालों के रोम छिद्र भी बंद हो सकते हैं, जिससे बालों की जड़ों को सही पोषण नहीं मिल पाता। इस कारण बाल कमजोर हो जाते हैं और झड़ने लगते हैं। स्कैल्प पर बिल्डअप होने से डैंड्रफ और खुजली की समस्या बढ़ सकती है। यह समस्या उस समय और बढ़ जाती है जब स्कैल्प पर तेल और गंदगी जम जाती है। बिल्डअप से बालों की प्राकृतिक चमक खो जाती है और वे बेजान और रूखे नजर आने लगते हैं। स्कैल्प पर जमा हुई गंदगी और उत्पादों के कण बैक्टीरिया और फंगल इंफेक्शन का कारण बन सकते हैं। स्कैल्प बिल्डअप रोकने के लिए कुछ आसान तरीकों की आप मदद ले सकते हैं। आइए जानते हैं इनके बारे में।
शैंपू की मात्रा कम करें
शैंपू की कम मात्रा का इस्तेमाल करने से स्कैल्प पर उसके कण जमा होने की संभावना कम हो जाती है। बहुत ज्यादा शैंपू लगाने से उसे पूरी तरह से साफ करना भी मुश्किल हो सकता है, और इसके कारण अवशेष स्कैल्प पर रह जाते हैं। कम लंबाई के बालों के लिए एक मटर के दाने जितनी शैंपू की मात्रा काफी होती है।

गर्म पानी से स्कैल्प न धोएं
ज्यादा गर्म पानी से स्कैल्प की त्वचा ड्राई हो सकती है, जिससे शैंपू और अन्य हेयर प्रोडक्ट्स के कण जम सकते हैं। शैंपू को धोने के लिए सामान्य या ठंडे पानी का इस्तेमाल करना चाहिए। पानी में नीम या तुलसी की पत्तियां मिला लें। इससे इंफेक्शन से आपका बचाव रहेगा।
डबल रिन्सिंग तकनीक अपनाएं
शैंपू करने के बाद बालों और स्कैल्प को अच्छे से धोना बहुत जरूरी है। अक्सर लोग जल्दबाजी में शैंपू को ठीक से नहीं धोते, जिससे वह स्कैल्प पर रहता है। इससे बचने के लिए बालों को दो बार अच्छे से धोएं। पहली बार में गंदगी और तेल को हटाने के लिए और दूसरी बार में धूल या अन्य कणों को पूरी तरह से निकालने के लिए साफ करें। इसे डबल रिन्सिंग तकनीक कहते हैं।
स्कैल्प पर न लगाएं कंडीशनर
कुछ लोगों को कंडीशनर के इस्तेमाल का सही तरीका पता नहीं होता। कंडीशनर को स्कैल्प पर लगाने से प्रोडक्ट स्कैल्प पर जमा हो जाता है। शैंपू से बालों को धाेने के बाद, अगर कंडीशनर स्कैल्प पर लगाएं तो स्कैल्प फिर से गंदा हो जाएगा। कंडीशनर को केवल बालों की लंबाई पर लगाएं, स्कैल्प पर नहीं। कंडीशनर को केवल बालों के सिरे पर लगाएं इससे नमी बरकरार रहेगी और स्कैल्प साफ रहेगा।

सही शैंपू चुनें
स्कैल्प पर शैंपू के जमाव की समस्या से बचने के लिए सही शैंपू इस्तेमाल करना जरूरी है। हल्के और सल्फेट-फ्री शैंपू का इस्तेमाल करें, क्योंकि ये शैंपू आपके बालों और स्कैल्प को अच्छी तरह साफ करेगा, बिना अवशेष छोड़े। सल्फेट्स जैसे हार्ड केमिकल्स से भरपूर शैंपू ज्यादा झाग बनाते हैं, जो स्कैल्प पर जम सकते हैं और बालों को नुकसान भी पहुंचा सकते हैं।
