कोविड-19 का खतरा एक बार फिर दुनिया भर में सिर उठा रहा है, जिससे लोगों की चिंता बढ़ रही है। एक समय पर पूरी दुनिया को हिला कर रख देने वाला यह वायरस फिर से दस्तक दे सकता है। अमेरिका से लेकर दक्षिण कोरिया तक के देशों में इसके मामले फिर से सामने आने लगे हैं, जिससे विशेषज्ञों ने सावधानी बरतने की सलाह दी है।
दुनिया में कोविड-19 की स्थिति
न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार अमेरिका के अस्पतालों में इस समय 4,000 से अधिक कोविड-19 से संक्रमित मरीज भर्ती हैं। यूएस सेंटर फॉर डिजीज कंट्रोल एंड प्रिवेंशन (CDC) के अनुमान के मुताबिक अमेरिका के 25 राज्यों में कोरोना संक्रमण बढ़ रहा है। इसके साथ ही दक्षिण कोरिया में भी कोरोना के कई मामले सामने आ रहे हैं।
विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) की हालिया रिपोर्ट के अनुसार 24 जून से 21 जुलाई 2024 के बीच 85 देशों में हर हफ्ते SARS-CoV-2 के औसतन 17,358 टेस्ट किए गए हैं। रिपोर्ट बताती है कि कोविड-19 के मामले फिर से बढ़ रहे हैं, जिससे सावधानी बरतने की आवश्यकता है।
भारत में कोविड-19 की स्थिति
भारत में कोविड-19 की स्थिति अपेक्षाकृत सामान्य है, लेकिन सतर्कता बरतना जरूरी है। WHO की रिपोर्ट के अनुसार जून से जुलाई 2024 के बीच भारत में कोविड के 908 सक्रिय मामले सामने आए हैं और इनमें से 2 लोगों की मौत भी हो चुकी है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार देश के कुछ राज्यों जैसे असम, दिल्ली, गुजरात, केरल, कर्नाटक, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश में कोविड के मामले बढ़ रहे हैं।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि भारत में स्थिति अभी गंभीर नहीं है, लेकिन वायरस का फिर से सक्रिय होना चिंता का कारण हो सकता है। WHO ने भी बताया है कि दुनिया में इस वायरस से संबंधित 26% मौतें हो चुकी हैं और 11% कोरोना मामलों में इजाफा हुआ है।
स्वास्थ्य मंत्रालय की सलाह और कोविड से बचाव के उपाय
इस बार कोरोना के नए वैरिएंट KP को लेकर चिंता बढ़ रही है, जो ओमिक्रॉन से संबंधित है। ओमिक्रॉन को पहली बार जनवरी 2023 में पहचाना गया था और भारत में KP.2 वैरिएंट दिसंबर 2023 में ओडिशा में मिला था। स्वास्थ्य मंत्रालय के कोविड डैशबोर्ड के अनुसार देश में वर्तमान में 279 सक्रिय मामले दर्ज किए गए हैं।
हालांकि जुलाई 2024 में स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने संसद में बताया था कि देश में अभी कोरोना से डरने की आवश्यकता नहीं है। अस्पतालों में कोविड मामलों में बढ़ोतरी नहीं देखी गई है और सरकार इस पर लगातार नजर बनाए हुए है। देश में आबादी के हिसाब से पर्याप्त वैक्सीन उपलब्ध है, जो इस महामारी से बचाव में सहायक होगी।
कोविड-19 संक्रमण से बचने के उपाय
हाथों की सफाई के लिए सैनिटाइज़र का उपयोग करें
मास्क का प्रयोग
सामाजिक दूरी बनाए रखें
खांसी और छींक को कवर करें
स्वस्थ आहार लें
पर्याप्त नींद और तनावमुक्त रहें
लक्षण दिखने पर जांच कराएं
हालांकि भारत में अभी स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन सतर्क रहना और सभी आवश्यक उपाय करना बेहद जरूरी है। कोरोना वायरस का फिर से सामने आना यह दर्शाता है कि यह महामारी पूरी तरह समाप्त नहीं हुई है और हमें अपनी सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सावधानी बरतनी चाहिए।
