बरसात का मौसम जहां ठंडक और सुकून लेकर आता है, वहीं उमस और चिपचिपाहट भी परेशानी का कारण बनती है। ऐसे में कई लोग एसी (AC) का सहारा लेते हैं ताकि कमरे की नमी कम हो और ठंडक महसूस हो। बारिश के मौसम में एसी चलाना इसलिए भी फायदेमंद लगता है क्योंकि यह कमरे की नमी को सोखकर उसे सूखा और आरामदायक बना देता है। लेकिन इस मौसम में एसी का सही तरीके से इस्तेमाल करना जरूरी है, वरना यह जल्दी खराब हो सकता है। यहां हम आपको तीन महत्वपूर्ण टिप्स बता रहे हैं, जिन्हें आपको बरसात के मौसम में एसी चलाते समय जरूर ध्यान में रखना चाहिए।

भारी बारिश में एसी का इस्तेमाल सावधानी से करें

अगर बहुत ज्यादा बारिश हो रही हो और आपके एसी की आउटडोर यूनिट खुले में रखी हो, तो इस बात का ध्यान रखें कि उसके आसपास पानी जमा न हो। अगर आउटडोर यूनिट के चारों ओर पानी भर जाता है, तो ऐसी स्थिति में एसी का इस्तेमाल करना खतरनाक हो सकता है। पानी भरने से करंट लगने का खतरा रहता है, जिससे जान-माल का नुकसान हो सकता है। इसलिए भारी बारिश के दौरान अगर आपके एसी की यूनिट बाहर है और उसके आसपास पानी जमा है, तो एसी को न चलाना ही बेहतर होगा।

एसी को ढक कर चलाना है गलत

कुछ लोग बारिश के मौसम में एसी की आउटडोर यूनिट को कवर करके चलाने लगते हैं ताकि वह खराब न हो। हालांकि यह एक बड़ी गलती है। एसी की आउटडोर यूनिट को कवर करके चलाने से यूनिट की गर्म हवा बाहर नहीं निकल पाती, जिससे एसी पर प्रेशर बढ़ता है और उसकी परफॉर्मेंस प्रभावित होती है। इससे यूनिट के अंदर की मशीनरी को नुकसान पहुंच सकता है और एसी की उम्र भी कम हो सकती है। इसलिए एसी का इस्तेमाल करते समय इसे कभी भी ढककर न चलाएं। आप इसे कवर तभी करें जब एसी बंद हो और उसका उपयोग न कर रहे हों।

फिल्टर की सफाई पर दें ध्यान

अगर आप एसी का इस्तेमाल रुक-रुक कर कर रहे हैं, तो फिल्टर की सफाई का खास ख्याल रखें। एसी का फिल्टर बहुत जल्दी धूल से भर जाता है, खासकर जब उसका नियमित उपयोग न हो रहा हो। गंदगी से भरा फिल्टर एसी के कंप्रेसर पर अतिरिक्त दबाव डालता है, जिससे उसकी कार्यक्षमता घट जाती है। इससे न केवल एसी की कूलिंग कम हो जाती है, बल्कि बिजली की खपत भी बढ़ जाती है। इसलिए एसी का इस्तेमाल करने से पहले उसके फिल्टर को अच्छी तरह से साफ करना जरूरी है।

By tnm

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *