कई देशों में मंकीपॉक्स तेजी लोगों को अपनी चपेट में ले रहा है। ऐसे में डबल्यूएचओ ने लोगों को इस वायरस के प्रति सावधानी बरतने की अपील भी की है। वहीं अब भारत में भी मंकीपॉक्स से संक्रमित एक संदिग्ध मामला सामने आया है। दरअसल नई दिल्ली के एम्स (AIIMS) में मंकीपॉक्स के एक संदिग्ध मरीज को भर्ती किया गया है। यह मरीज हाल ही में विदेश यात्रा से लौटा था और उसमें मंकीपॉक्स के लक्षण दिखाई देने लगे थे।

व्यक्ति को हल्का बुखार, सिरदर्द और मंकीपॉक्स से जुड़े अन्य लक्षण थे, जिसके बाद उसे एम्स के एबी-7 वार्ड में भर्ती किया गया। यह वार्ड विशेष रूप से मंकीपॉक्स के संदिग्ध मरीजों के लिए तैयार किया गया है। डॉक्टरों ने तुरंत मरीज की जांच की और मंकीपॉक्स का टेस्ट किया, जिसमें रिपोर्ट निगेटिव आई है। हालांकि एहतियात के तौर पर मरीज को निगरानी में रखा गया है।

मंकीपॉक्स का कोई कंफर्म केस नहीं

वहीं एम्स की मीडिया प्रवक्ता डॉ. रीमा दादा ने बताया कि एम्स में मंकीपॉक्स के संदिग्ध मरीजों की जांच और इलाज की विशेष व्यवस्था की गई है। फिलहाल एम्स में मंकीपॉक्स का कोई कंफर्म केस नहीं है, लेकिन सतर्कता बरती जा रही है।

अस्पताल में बनाया गया विशेष वॉर्ड

एम्स में मंकीपॉक्स के संदिग्ध मरीजों के लिए एबी-7 वार्ड में विशेष रूप से बेड की व्यवस्था की गई है। डॉ. रीमा ने बताया कि अगर किसी व्यक्ति को बुखार, सिरदर्द, पीठ दर्द, थकान, ठंड लगना, या शरीर पर फुंसियां हैं, तो ये मंकीपॉक्स के लक्षण हो सकते हैं। ऐसे मरीजों को संदिग्ध मानकर उनकी जांच की जाएगी। यदि रिपोर्ट पॉजिटिव आती है, तो मरीज को आगे के इलाज के लिए सफदरजंग अस्पताल रेफर किया जाएगा, जहां मंकीपॉक्स के मरीजों के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।

मंकीपॉक्स को लेकर सरकार अलर्ट

मंकीपॉक्स के संभावित खतरे को देखते हुए सरकार पूरी तरह अलर्ट पर है। दिल्ली के तीन प्रमुख अस्पतालों में मंकीपॉक्स के मरीजों के इलाज के लिए बेड की व्यवस्था की गई है। साथ ही एयरपोर्ट पर अधिकारियों को सतर्क रहने और मंकीपॉक्स के लक्षण वाले किसी भी यात्री को तुरंत आइसोलेट करने के निर्देश दिए गए हैं। अस्पतालों में भी स्वास्थ्य कर्मचारियों को पीपीई किट पहनकर ही मरीजों का इलाज और देखभाल करने के आदेश दिए गए हैं।

भारत में मंकीपॉक्स का खतरा अधिक

महामारी विशेषज्ञ डॉ. जुगल किशोर का कहना है कि भारत में मंकीपॉक्स का खतरा बढ़ रहा है, इसलिए सभी को सतर्क रहने की आवश्यकता है। उन्होंने लोगों को सलाह दी है कि अगर किसी में मंकीपॉक्स के लक्षण दिखें, तो तुरंत नजदीकी अस्पताल जाएं। वहीं सरकार और स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह तैयार हैं और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं।

By tnm

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *