अगर आप भी अपने बढ़ते फैट से परेशान है तो आप भारतीय फुटबॉल टीम के पूर्व कप्तान और स्टार खिलाड़ी सुनील छेत्री द्वारा बताए गए फिटनेस टिप्स को अपना कर इस समस्या से छुटकारा पा सकते हैं। दरअसल हाल ही में सुनील छेत्री ने अपनी एक इंटरव्यू में सुबह ठंडे पानी से नहाने के फायदों के बारे में बताया। छेत्री ने अपनी फिटनेस और दिनचर्या का जिक्र करते हुए कहा कि ठंडे पानी से नहाना न केवल शरीर की रिकवरी में मदद करता है बल्कि फैट लॉस के लिए भी कारगर है। उन्होंने बताया कि लोग सुबह कॉफी पीने की बजाय ठंडे पानी से नहाने की आदत डालें, जिससे उन्हें न केवल तरोताजा महसूस होगा बल्कि शरीर को भी कई फायदे मिलेंगे।
सुनील छेत्री का कहना है कि वह दिल्ली की सर्दी में भी हमेशा ठंडे पानी से नहाना पसंद करते हैं। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा ठंडे पानी से नहाने से मरोगे नहीं, बल्कि थैंक यू बोलोगे, क्योंकि यह एक बेहतरीन चीज़ है। छेत्री ने सोशल मीडिया पर भी एक पोस्ट साझा करते हुए लोगों को वेट लॉस और बॉडी रिकवरी के लिए ठंडे पानी से नहाने की सलाह दी है। उनके अनुसार ठंडे पानी से नहाने के बाद कॉफी की जरूरत नहीं पड़ती क्योंकि यह खुद एक नेचुरल एनर्जी बूस्टर है।
दिन की शुरुआत गर्म पानी पीकर करते हैं
सुनील छेत्री ने अपनी दिनचर्या के बारे में बताते हुए कहा कि वह रोजाना सुबह 6 बजे उठते हैं और सबसे पहले गर्म पानी पीते हैं। हालांकि नहाने के लिए वह गर्म पानी का नहीं बल्कि ठंडे पानी का इस्तेमाल करते हैं। उन्होंने कहा कि ठंडे पानी से नहाने से न केवल बॉडी जल्दी रिकवर होती है, बल्कि यह वेट लॉस में भी मददगार साबित होता है।
आइस बाथ के भी बताए फायदे
छेत्री ने आइस बाथ के फायदे भी साझा किए। उनके अनुसार, आइस बाथ लेने से मोटापे की समस्या कम होती है और यह फैट लॉस में सहायक है। उन्होंने बताया कि ठंडे पानी से नहाना या आइस बाथ लेना खिलाड़ियों के लिए बहुत फायदेमंद होता है क्योंकि इससे मांसपेशियों की रिकवरी तेजी से होती है।
विशेषज्ञों की राय
साकेत अस्पताल की फिजियोथेरेपिस्ट पूजा चौधरी भी इस बात से सहमत हैं कि एथलीट्स के लिए कोल्ड वॉटर शॉवर बेहद फायदेमंद है। उन्होंने बताया कि ठंडे पानी से नहाने से ब्लड सर्कुलेशन में सुधार होता है और रिकवरी तेज होती है। इसके अलावा यह वेट लॉस में भी मदद करता है क्योंकि इससे नोरएपिनेफ्राइन हार्मोन का स्तर बढ़ता है, जो मेटाबॉलिज्म को तेज कर फैट बर्न करने में मदद करता है। उन्होंने कहा कि ठंडे पानी से नहाने के कई अन्य फायदे भी हैं, जैसे कि मानसिक सेहत में सुधार, तनाव कम होना, स्किन और बालों की चमक बढ़ना आदि।
ठंडे पानी से नहाने के फायदे
मानसिक सेहत में सुधार
तनाव कम और मूड बेहतर
स्किन के लिए फायदेमंद
वेट लॉस में सहायक
कोर्टिसोल स्तर में सुधार
इम्यूनिटी स्ट्रॉन्ग होती है
बाल और स्किन में ग्लो आता है
सुनील छेत्री की सलाह फिटनेस के प्रति जागरूक लोगों के लिए प्रेरणादायक है। ठंडे पानी से नहाने के फायदे सिर्फ शारीरिक नहीं बल्कि मानसिक स्वास्थ्य के लिए भी होते हैं।
