साल 2024 गुजरात के लिए हेल्थ की दृष्टिकोण से बेहद चुनौतीपूर्ण साबित हो रहा है। साल की शुरुआत में मंप्स के प्रकोप से राज्य के लोग जूझ रहे थे, और अब चांदीपुरा वायरस के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। इस बीच एक हालिया स्टडी में राज्य में एवियन फ्लू और ब्रुसेलोसिस जिसे माल्टा फीवर के नाम से भी जाना जाता है, का खतरा मंडराता दिख रहा है। माल्टा फीवर एक गंभीर स्वास्थ्य समस्या बन सकती है, खासकर तब जब इसकी पहचान और इलाज में देरी हो।

माल्टा फीवर क्या है

माल्टा फीवर जिसे ब्रुसेलोसिस भी कहा जाता है, एक बैक्टीरियल संक्रमण है जो ब्रुसेला नामक बैक्टीरिया के कारण होता है। यह बीमारी आमतौर पर पशुओं से इंसानों में फैलती है, खासकर उन जगहों पर जहां डेयरी उत्पादों का सेवन बिना पाश्चुरीकरण (Pasteurization) के किया जाता है या जानवरों के साथ करीबी संपर्क होता है। ब्रुसेलोसिस का संक्रमण दूषित दूध, पनीर, या अन्य डेयरी उत्पादों के सेवन, संक्रमित जानवरों के मांस को खाने, या सीधे संपर्क से फैल सकता है।

क्या है माल्टा फीवर के लक्षण

माल्टा फीवर के लक्षण अक्सर फ्लू जैसे होते हैं, जिनमें बुखार, सिरदर्द, मांसपेशियों में दर्द, कमजोरी, और थकान शामिल हैं। यह बीमारी गंभीर हो सकती है और लंबे समय तक बनी रह सकती है। इसके कुछ अन्य लक्षणों में पसीना आना, भूख कम होना, जोड़ों में दर्द, और वजन घटना शामिल हैं। यदि इसका समय पर इलाज नहीं किया गया, तो यह संक्रमण पुरानी बीमारी का रूप ले सकता है और हड्डियों, जिगर, हृदय, और अन्य अंगों को नुकसान पहुंचा सकता है।

इलाज और उपचार

ब्रुसेलोसिस का इलाज एंटीबायोटिक दवाओं के माध्यम से किया जाता है, लेकिन इसे ठीक होने में समय लग सकता है, खासकर अगर संक्रमण पुराना हो गया हो। आमतौर पर इसका इलाज छह सप्ताह या उससे अधिक समय तक चलता है, जिसमें डॉक्टरी सलाह का पालन करना अत्यंत आवश्यक है। सही और समय पर इलाज से इस बीमारी का पूरी तरह से इलाज संभव है, लेकिन देरी से इलाज की स्थिति में बीमारी लंबे समय तक परेशान कर सकती है।

बचाव के उपाय

माल्टा फीवर से बचाव के लिए सबसे महत्वपूर्ण कदम यह है कि अनपाश्चुरीकृत दूध और उससे बने उत्पादों का सेवन न करें। इसके अलावा संक्रमित जानवरों के संपर्क से बचना चाहिए और पशुओं के मांस को अच्छी तरह पकाकर ही खाना चाहिए। वहीं गुजरात में स्वास्थ्य विभाग को इस समय विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता है, ताकि माल्टा फीवर और अन्य बीमारियों का प्रसार रोका जा सके। राज्य में एवियन फ्लू और ब्रुसेलोसिस के खतरे को देखते हुए समय पर जागरूकता फैलाना और संक्रमण को रोकने के लिए ठोस कदम उठाना बेहद जरूरी है।

By tnm

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *