फेस पैक का उपयोग करना एक आम स्किन केयर रूटीन है, जिसे लोग अपने चेहरे की सुंदरता बढ़ाने के लिए अपनाते हैं। यह न केवल चेहरे की त्वचा को ग्लो देने में मदद करता है, बल्कि उसे अंदर तक साफ भी करता है। हालांकि कई बार जाने-अनजाने में की गई गलतियों के कारण चेहरे की त्वचा को नुकसान भी हो सकता है। इसलिए फेस पैक का इस्तेमाल करते समय कुछ महत्वपूर्ण बातों का ध्यान रखना आवश्यक है। चलिए इसके बारे में जानते हैं।
चेहरा साफ न करना

फेस पैक लगाने से पहले चेहरे को अच्छी तरह से साफ करना अत्यंत महत्वपूर्ण है। अगर त्वचा पर गंदगी और तेल की परत रह जाती है, तो फेस पैक के पोषक तत्व त्वचा में प्रवेश नहीं कर पाते। इसके परिणामस्वरूप फेस पैक का पूरा लाभ नहीं मिल पाता और त्वचा का ग्लो नहीं आता। इसलिए फेस पैक लगाने से पहले चेहरे को फेस वॉश से धोकर साफ कर लेना चाहिए।
गलत फेस पैक का चयन

फेस पैक चुनते समय अपनी त्वचा के प्रकार और समस्याओं का ध्यान रखना जरूरी है। बहुत से लोग केवल ब्रांड का नाम देखकर फेस पैक खरीद लेते हैं, जबकि वह उनकी त्वचा के लिए उपयुक्त नहीं होता। उदाहरण के लिए तैलीय त्वचा वाले लोगों को ऑयल बेस्ड फेस पैक से बचना चाहिए, जबकि ड्राई स्किन वालों को ड्राई फेस पैक से बचना चाहिए। त्वचा के प्रकार के अनुसार फेस पैक का चयन करना हमेशा बेहतर होता है।
समय का ध्यान न रखना

फेस पैक का समय से ज्यादा इस्तेमाल करना त्वचा के लिए हानिकारक हो सकता है। अक्सर लोग फेस पैक लगाने के बाद दूसरे कामों में व्यस्त हो जाते हैं, जिससे पैक लंबे समय तक चेहरे पर लगा रहता है। इससे त्वचा खिंची-खिंची दिख सकती है और ड्राई हो सकती है। इसलिए पैक के निर्देशों के अनुसार समय का पालन करना चाहिए।
हर रोज इस्तेमाल करना

फेस पैक का बार-बार उपयोग करना भी त्वचा के लिए नुकसानदेह हो सकता है। बिना किसी विशेषज्ञ की सलाह के हर रोज फेस पैक लगाने से त्वचा में जलन, रूखापन और अन्य समस्याएं हो सकती हैं। सप्ताह में दो या तीन बार से ज्यादा फेस पैक का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए।
मॉइस्चराइजर न लगाना

फेस पैक के बाद त्वचा अक्सर ड्राई हो जाती है, इसलिए इसे मॉइस्चराइजर से हाइड्रेट करना जरूरी है। फेस पैक लगाने के बाद मॉइस्चराइजर का उपयोग न करने से त्वचा रूखी और बेजान हो सकती है। इसलिए फेस पैक के बाद हमेशा मॉइस्चराइजर का उपयोग करें।
बिना पैच टेस्ट के इस्तेमाल

फेस पैक लगाने से पहले पैच टेस्ट करना आवश्यक है। यह सुनिश्चित करने के लिए कि आपको किसी चीज से एलर्जी नहीं है, चेहरे पर उपयोग करने से पहले इसे हाथ या कान के पीछे लगाकर देखें। पैच टेस्ट से आपको यह समझने में मदद मिलेगी कि उत्पाद आपकी त्वचा के लिए सुरक्षित है या नहीं।
इन गलतियों से बचकर और सही तरीकों का पालन करके आप अपने चेहरे की त्वचा को निखार सकते हैं और उसे स्वस्थ बना सकते हैं। फेस पैक का सही तरीके से इस्तेमाल न केवल आपकी त्वचा को ग्लो देगा, बल्कि उसे ताजगी और चमक भी प्रदान करेगा।
