घुंघराले बाल भले ही देखने में अच्छे लगते हैं लेकिन इन्हें मैनेज करना मुश्किल होता है। खासकर मानसून के दिनों में तो नमी के कारण यह फ्रिजी, उलझे और बेजान हो सकते हैं। नमी के कारण घुंघराले बालों में फ्रिज बढ़ जाता है जिससे इन्हें संभालना थोड़ा मुश्किल हो जाता है। ऐसे में इस मौसम में घुंघराले बालों की अच्छे से देखभाल करने के लिए हाइड्रेटिंग शैंपू और कंडीशनर का इस्तेमाल करें जो आपके बालों को नमी देने में मदद करेंगे। इसके अलावा मानसून में बालों को टाइट पानीटेल या बन की जगह लूज ब्रैड या फिर लो बन स्टाइल करें इससे बालों के टूटने की समस्या कम होगी। तो चलिए आपको बताते हैं कि मानसून में घुंघराले बालों को कैसे मैनेज करना है।
ढककर रखें बाल
इस मौसम में अक्सर हम बारिश में भीग जाते हैं और बाल भी गीले हो जाते हैं जिसके कारण यह घुंघराले हो जाते हैं। ऐसे में घुंघराले बालों को मैनेज करने में मुश्किल हो सकती हैं। अपने बालों को ढककर कर रखें। बालों को गीला होने से बचाने के लिए छाते या फिर रेनकोट का इस्तेमाल भी जरुर करें।
स्कैल्प की करें मसाज
मानसून में रातभर बालों में तेल न लगाएं लेकिन शैंपू करने से पहले 1-2 घंटे पहले आप नारियल तेल, ऑलिव ऑयल या फिर ऑर्गन ऑयल लगाकर स्कैल्प की मालिश कर सकते हैं। इससे घुंघराले बालों को मैनेज करने में मदद मिलेगी।
कैमिकल फ्री शैंपू लगाएं
कर्ली बालों को मानसून के दिनों में मैनेज करने के लिए कैमिकल फ्री हाईड्रेटिंग शैंपू और कंडीशनर का इस्तेमाल करें। इससे आपके बालों को नमी मिलेगी और फ्रिज कम होगी। इसके अलावा हेयर सीरम जरुर लगाएं। इससे बालों को नमी मिलेगी और फ्रिज की समस्या कम होगी।
एलोवेरा जेल लगाएं
घुंघराले बालों की देखभाल करने के लिए एलोवेरा जेल का इस्तेमाल आपके लिए फायदेमंद रहेगा। ताजे एलोवेरा जेल को बालों और स्कैल्प पर लगाएं और 30 मिनट के बाद बाल पानी से धो लें।
हेयर स्टाइलिंग प्रोडक्ट्स से रहें दूर
इन दिनों बालों को यदि आप अच्छे से रखना चाहते हैं तो हेयर स्टाइलिंग प्रोडक्ट्स से दूर ही रहें क्योंकि हेयर स्टाइलिंग प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल करने से बालों की क्वालिटी और भी खराब हो सकती है।
ऐसे सुखाएं बाल
इस मौसम में बालों को सुखाने के लिए तौलिए से रगड़ने की जगह आप इन्हें हल्के हाथों से सुखाएं। हेयर ड्रायर का इस्तेमाल करने से बचें लेकिन यदि आपने फिर भी हेयर ड्रायर इस्तेमाल करना है तो हीट सेटिंग लो पर ही रखें।
हेयरमास्क करें इस्तेमाल
बालों को मैनेज करने के लिए इनमें अच्छी क्वालिटी का हेयरमास्क जरुर लगाएं। यह आपके बालों को गहराई से पोषण देगा। घुंघराले बालों में आप एवोकाडो और केले से बना हेयर मास्क लगा सकते हैं। इस मास्क को 30 मिनट तक बालों में लगाकर रखें और फिर शैंपू के साथ बाल धो लें। इससे बालों को पोषण मिलेगा और यह सॉफ्ट बनेगा।
