अगर आप भी मशीन से जुड़ी किसी भी तरह का काम करते हैं तो जरा ध्यान से करें। दरअसल हाल ही में दिल्ली के रोहिणी इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसमें 15 वर्षीय किशोरी की आटा गूंथने वाली मशीन में फंसने से मौत हो गई। आपको बता दें कि यह घटना बेगमपुर इलाके में घटी, जब पीड़िता काम कर रही थी। पुलिस के अनुसार हादसा उस समय हुआ जब किशोरी का हाथ मशीन में फंस गया और उसका सिर आटा गूंथने वाले टब में चला गया। यह मशीन मोमोज और स्प्रिंग रोल बनाने के लिए उपयोग की जाती थी।

क्या है पूरा मामला

बेगमपुर थाने में एक पीसीआर कॉल आई जिसमें बताया गया कि हनुमान चौक के पास आटा गूंथने वाली मशीन में एक लड़की फंस गई है। पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और पाया कि मशीन बड़ी नहीं थी, लेकिन लड़की का हाथ टब के अंदर फंस गया था, जिसके कारण मशीन ने उसे अंदर खींच लिया। जब पुलिस टीम पहुंची तब लड़की गंभीर रूप से घायल थी और उसका सिर मशीन में फंसा हुआ था। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस जांच में जुटी

पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है और संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है। आपको बता दें कि इस मामले में राजेश कुमार नामक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है, जो इस हादसे से संबंधित था। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि पीड़िता की वास्तविक उम्र कितनी थी और क्या वह बाल मजदूर के रूप में काम कर रही थी। पुलिस अधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच से यह पता चला है कि यह एक दुर्भाग्यपूर्ण हादसा था, लेकिन इसके बावजूद सभी तथ्यों की जांच की जा रही है।

मशीन पर काम करते हुए विशेष देने की जरूरत

इस दर्दनाक घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया है और इसे लेकर सुरक्षा उपायों की कमी पर सवाल उठाए जा रहे हैं। यह घटना उन सभी लोगों के लिए एक चेतावनी है जो छोटे-छोटे व्यवसायों में काम करते हैं और उचित सुरक्षा उपायों का पालन नहीं करते हैं। किशोरी की असमय मृत्यु से उसका परिवार शोक में डूबा हुआ है, और इस घटना ने इलाके में एक गहरी छाप छोड़ी है। वहीं सभी लोग मशीन पर काम करते हुए विशेष ध्यान दें, जरा सी लापरवाही आपके जीवन के लिए खतरनाक साबित हो सकती है।

By tnm

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *