हाल ही में संयुक्त अरब एमिरेट्स (UAE) ने एक भारतीय मूल के डॉक्टर, डॉ. जॉर्ज मैथ्यू के नाम पर अबू धाबी में एक सड़क का नाम रखा है। यह सम्मान उनके लगभग छह दशकों से स्वास्थ्य क्षेत्र में किए गए महत्वपूर्ण योगदान के लिए दिया गया है। डॉ. मैथ्यू, जिनका जन्म केरल के थुम्पामोन में हुआ था, 1967 में 26 साल की उम्र में UAE आए थे। उन्होंने सबसे पहले अल ऐन में सरकारी डॉक्टर के रूप में सेवा शुरू की थी।
UAE में आधुनिक मेडिकल सर्विसज का किया विस्तार
डॉ. मैथ्यू ने UAE में चिकित्सा सेवाओं के विकास में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने अल ऐन क्षेत्र के मेडिकल डायरेक्टर और स्वास्थ्य प्राधिकरण के कंसल्टेंट जैसी महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया है। उनके प्रयासों के चलते UAE में आधुनिक मेडिकल सर्विसज का विस्तार हुआ है। डॉ. मैथ्यू को UAE ने दस साल पहले अपनी नागरिकता भी प्रदान की थी। वहीं डॉ. मैथ्यू ने अपनी शिक्षा तिरुवनंतपुरम मेडिकल कॉलेज से MBBS के रूप में पूरी की थी और बाद में इंग्लैंड और हार्वर्ड में उच्च शिक्षा प्राप्त की। वह वर्तमान में भी स्वास्थ्य सेवा में सक्रिय हैं और UAE की जनता के लिए अपना योगदान जारी रखना चाहते है।
इस पहल के तहत उठाया गया ये कदम
उनके इस सम्मान में अबू धाबी के शेख शकबूत मेडिकल सिटी के पास की सड़क को जॉर्ज मैथ्यू स्ट्रीट नाम दिया गया है। बता दें यह कदम यूएई के दूरदर्शी व्यक्तियों का सम्मान: कमेमरैटिव स्ट्रीटस यानी स्मारक सड़कें पहल के तहत उठाया गया है, जिसका उद्देश्य UAE के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले व्यक्तियों को सम्मानित करना है।
