बारिश का मौसम जहां एक ओर ताजगी और हरियाली लाता है, वहीं दूसरी ओर कई स्वास्थ्य समस्याओं का कारण भी बनता है। इनमें से एक गंभीर समस्या है दिमागी बुखार, जिसे ब्रेन फीवर या मेडिकल भाषा में इन्सेफलाइटिस कहा जाता है। इस मौसम में गंदगी और जल जमाव के कारण इस बीमारी के फैलने का खतरा बढ़ जाता है, जिससे स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने अलर्ट जारी किया है और लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है।
क्या होता है दिमागी बुखार
दिमागी बुखार एक गंभीर स्वास्थ्य समस्या है जो मस्तिष्क और उसके आसपास के ऊतकों की सूजन के कारण होती है। यह संक्रमण आमतौर पर वायरस, बैक्टीरिया, या अन्य सूक्ष्मजीवों के कारण होता है। बारिश के मौसम में जल जनित रोगों का खतरा बढ़ जाता है, जिसमें दिमागी बुखार भी शामिल है।
दिमागी बुखार होने पर नजर आते हैं ये लक्षण
तेज बुखार होना
सिरदर्द होना
उल्टी की समस्या होना
गर्दन में अकड़न महसूस होना
दौरे और मानसिक स्थिति में बदलाव
कुछ मामलों में मरीज को बेहोशी, कमजोरी, या चलने-फिरने में भी दिक्कत हो सकती है। बच्चों और बुजुर्गों में यह बीमारी विशेष रूप से खतरनाक हो सकती है, क्योंकि उनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता कमजोर होती है।
क्या है संक्रमण के कारण
बारिश के मौसम में गंदगी, जल जमाव और स्वच्छता की कमी के कारण मच्छरों और अन्य सूक्ष्म जीवों की संख्या बढ़ जाती है। ये सूक्ष्म जीव विभिन्न संक्रमणों को फैलाने का कारण बन सकते हैं। दिमागी बुखार मुख्य रूप से मच्छरों के काटने से फैलता है, जो संक्रमित व्यक्ति से वायरस को स्वस्थ व्यक्ति में पहुंचाते हैं।
बचाव के उपाय
दिमागी बुखार से बचने के लिए कुछ महत्वपूर्ण सावधानियां बरतनी चाहिए। सबसे पहले मच्छरों के काटने से बचने के लिए मच्छरदानी का उपयोग करें और मच्छर भगाने वाले रासायनिक उत्पादों का उपयोग करें। घर और आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई बनाए रखें और पानी को जमा न होने दें। खासकर बर्तनों, टायरों, और फूलदानों में पानी जमा न होने दें, क्योंकि ये मच्छरों के प्रजनन स्थल बन सकते हैं।
बता दें कि हेल्थ एक्सपर्ट्स का कहना है कि स्वच्छता और जागरूकता इस बीमारी से बचाव के महत्वपूर्ण साधन हैं। बारिश के मौसम में विशेष ध्यान रखते हुए बच्चों और बुजुर्गों को इस बीमारी से बचाने के लिए उनके स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखें।
डॉक्टर से संपर्क करें
दिमागी बुखार के लक्षण दिखने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें। समय पर इलाज न होने पर यह बीमारी घातक हो सकती है। चिकित्सक जांच के बाद उचित उपचार और दवाइयां निर्धारित करेंगे। इलाज के दौरान आराम और सही खानपान का भी ध्यान रखना महत्वपूर्ण है।
