किसी को कैंसर हो रहा है तो किसी को ट्यूमर। हाल ही डॉक्टर्स की टीम ने एक 27 साल की महिला के दिल का सफलतापूर्वक ऑपरेशन किया। इस दिल के ऑपरेशन में ट्यूमर को बाहर निकाला गया है। वहीँ बता दें इस क्रिटिकल केस में ट्यूमर का एक टुकड़ा टूटकर महिला के मस्तिष्क में चला गया था। इससे महिला को स्ट्रोक आ गया था।
शरीर में महसूस होता था सुन्नपन
इस घटना के अनुसार पटपड़गंज में स्थित मैक्स अस्पताल में हाल ही में राखी नाम की इस महिला के दिल का ऑपरेशन हुआ। इस महिला का बहुत तेज सिरदर्द, उल्टी, मतिभ्रम आदि लक्षणों के शिकायत के चलते अस्पताल में इलाज चल रहा था। उसे काफी लंबे समय से अपने शरीर के विभिन्न अंगों में सुन्नता जैसी स्थिति भी महसूस हो रही थी।
सफल ऑपरेशन कर निकाला ट्यूमर
पटपड़गंज में स्थित मैक्स सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल के सीटीवीएस कार्डियक सर्जरी के निदेशक और प्रमुख डॉ. वैभव मिश्रा ने बताया कि महिला की जांच करने पर उसके हार्ट के एक हिस्से में लगभग एक नींबू के आकार का ट्यूमर पाया गया था। डॉ. वैभव मिश्रा और उनकी टीम ने ही मरीज महिला के हृदय का सफल ऑपरेशन कर ट्यूमर निकाला है।
मरीज में दिखे एम्बोलिजेशन के लक्षण
इस केस को लेकर डॉ. वैभव मिश्रा ने बताया कि ट्यूमर का एक टुकड़ा टूटकर मरीज के मस्तिष्क तक पहुंच गया था। इसके कारण ही महिला को तेज सिरदर्द, उल्टी, मतिभ्रम जैसी परेशानियां हो रही थी। डॉ. मिश्रा ने बताया कि इस स्थिति को ‘एम्बोलिजेशन’ कहा जाता है। ऐसा तब होता है जब कोई ठोस पदार्थ अपने मूल ट्यूमर से अलग होकर किसी अन्य अंग में जमा हो जाता है।
गहन जांच के बाद ट्यूमर का पता चला
हार्ट सर्जन डॉ. वैभव मिश्रा ने बताया कि रोगी स्ट्रोक के लक्षणों के साथ आया था, जो कि युवा व्यक्तियों, विशेषकर महिलाओं में असामान्य है और इतनी कम उम्र में स्ट्रोक बिरले ही होता है। केस को लेकर डॉ. वैभव मिश्रा ने बताया कि इसे पहचानने के बाद मरीज की व्यापक जांच की गयी जिसके परिणामस्वरूप ट्यूमर का पता चला। फिलहाल महिला मरीज को अस्पताल से ऑपरेशन के चौथे दिन बाद छुट्टी दे दी गई है।
