मिर्गी यानी एपिलेप्सी एक न्यूरोलॉजिकल बीमारी है, जिसमें दिमाग की नर्व सेल्स की एक्टिविटी में गड़बड़ी हो जाती है। जिस वजह से कुछ लोगों में मिर्गी के दौरे पड़ते हैं। ऐसे में मिर्गी के दौरे को कम करने के लिए हाल ही में दुनिया में पहली बार किसी मरीज के खोपड़ी में सफलतापूर्वक एक उपकरण लगाया गया है, जिससे दौरे में 80 प्रतिशत की भारी कमी आई है। हालांकि यह मेडिकल की दुनिया में एक महत्वपूर्ण चिकित्सा सफलता है। वहीं यह उपलब्धि गंभीर न्यूरोलॉजिकल विकारों के प्रबंधन में उन्नत न्यूरोटेक्नोलॉजी की क्षमता को उजागर करती है।
क्या है पूरा मामला
बता दें कि ब्रिटेन में 13 साल के ओरान नाल्सन नामक लड़के की खोपड़ी में मिर्गी को कंट्रोल करने के लिए यह उपकरण लगाया गया है। दरअसल ओरान तीन साल की उम्र से लेनोक्स-गैस्टोट सिंड्रोम से पीडि़त है। हालांकि यह सिंड्रोम मिर्गी का एक रूप है। ऐसे में बच्चे को ग्रेट आरमंड स्ट्रीट अस्पताल में इम्प्लांट डिवाइस ट्रांसप्लांट की प्रक्रिया से गुजरना पड़ा, जहां न्यूरोसर्जन ने असामान्य मस्तिष्क गतिविधि के विशेष एरिया को लक्षित करने के लिए खोपड़ी के भीतर डिवाइस को सावधानीपूर्वक रखा।
वहीं सर्जरी पूरे 8 घंटे तक चली। डिवाइस के लगने के बाद, दौरे में 80 प्रतिशत की प्रभावशाली कमी आई, जिससे उन्हें नई राहत मिली। ओरान की मां ने बताया कि सर्जरी के बाद से ओरान के जीवन में अच्छे बदलाव हुए हैं। साथ ही उसके दौरे आने की समस्या कम हो गई है।
आखिर क्या है इम्प्लांट डिवाइस
इम्प्लांट डिवाइस, जिसे रिस्पॉन्सिव न्यूरोस्टिम्यूलेशन (आरएनएस) सिस्टम के रूप में जाना जाता है। वहीं यह मस्तिष्क की गतिविधि की निरंतर निगरानी करके और दौरे के संकेत देने वाले असामान्य पैटर्न का पता लगाकर इलेक्ट्रिकल पल्स के रूप में काम करता है। यह शरीर में दौरे को पूरी तरह विकसित होने से पहले ही एक्टिव होकर उसे रोकने में मदद करता है, जिससे उनकी फ्रीक्वेंसी और समय को प्रभावी ढंग से कम किया जा सकता है।
इस मामले की सफलता मिर्गी के रोगियों के जीवन को बदलने में न्यूरोस्टिम्यूलेशन तकनीकों की क्षमता को रेखांकित करती है, जिन्होंने पारंपरिक उपचारों पर पर्याप्त प्रतिक्रिया नहीं दी है। जबकि मिर्गी से पीड़ित कई व्यक्तियों के लिए दवा प्राथमिक दृष्टिकोण बनी हुई है, आरएनएस सिस्टम जैसे उपकरण दवा-प्रतिरोधी रोगियों के लिए एक आशाजनक विकल्प प्रदान करते हैं।
