डायबिटीज एक लाइफस्टाइल से जुड़ी गंभीर बीमारी है जो न केवल शरीर के दूसरे अंगों को प्रभावित करती है, बल्कि आपकी आंखों की रोशनी पर भी गहरा असर डाल सकती है। डायबिटीज के मरीज अगर अपनी बीमारी पर ध्यान नहीं देते हैं, तो यह अंधेपन का कारण बन सकती है। आंखों से जुड़ी इस समस्या को डायबिटिक रेटिनोपैथी कहा जाता है। इस लेख में हम जानेंगे कि एक डायबिटीज मरीज खुद को इस बीमारी से कैसे बचा जा सकता है और इसके लक्षण क्या होते हैं।
डायबिटिक रेटिनोपैथी क्यों है खतरनाक

डायबिटिक रेटिनोपैथी एक ऐसी आंखों से जुड़ी बीमारी है, जिसमें रेटिना की नसों को नुकसान पहुंचता है। डॉक्टरों के मुताबिक यह बीमारी इतनी खतरनाक हो सकती है कि इससे आंखों की रोशनी तक जा सकती है। खासतौर से उन लोगों को इसका खतरा अधिक होता है, जिनका ब्लड शुगर लेवल अनियंत्रित होता है या जो हाई ब्लड प्रेशर और धूम्रपान की समस्या से जूझ रहे होते हैं। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के आंकड़ों के अनुसार डायबिटिक रेटिनोपैथी अंधेपन की दूसरी सबसे बड़ी वजह है। इस बीमारी से पीड़ित मरीजों में अंधेपन का खतरा 50% तक बढ़ जाता है।
डायबिटिक रेटिनोपैथी का कारण
डायबिटीज एक क्रोनिक बीमारी है, जिसका असर पूरे शरीर पर होता है, लेकिन जिनका ब्लड शुगर लेवल लंबे समय तक हाई रहता है, उनमें डायबिटिक रेटिनोपैथी का खतरा सबसे अधिक होता है। इस बीमारी में रेटिना की रक्त वाहिकाएं कमजोर हो जाती हैं और उनमें ब्लड का फ्लो बाधित हो जाता है, जिससे रेटिना के फंक्शन पर असर पड़ता है। अगर इस बीमारी की पहचान समय रहते न की जाए तो यह अंधेपन का कारण बन सकती है।
डायबिटिक रेटिनोपैथी के लक्षण
इस बीमारी के कई शुरुआती लक्षण होते हैं, जिन्हें समय रहते पहचान कर इलाज कराया जा सकता है। इसके प्रमुख लक्षणों में शामिल हैं:
धुंधला या कम दिखना
सिरदर्द और चक्कर आना
आंखों में बार-बार जलन और दर्द होना
बचाव के तरीके
डायबिटिक रेटिनोपैथी से बचने के लिए जरूरी है कि आप अपनी आंखों और ब्लड शुगर लेवल का खास ख्याल रखें। इसके लिए निम्नलिखित उपाय किए जा सकते हैं:
हर छह महीने में अपनी आंखों की नियमित जांच करवाएं
ब्लड शुगर लेवल को नियंत्रित रखने के लिए दवाइयों और सही खानपान का पालन करें
किसी भी प्रकार की आंखों से जुड़ी समस्या महसूस होने पर तुरंत नेत्र रोग विशेषज्ञ से परामर्श लें
डायबिटिक रेटिनोपैथी से बचाव के लिए सही समय पर जागरूक होना और नियमित जांच बेहद जरूरी है। अगर आप डायबिटीज के मरीज हैं, तो आंखों से जुड़ी किसी भी समस्या को नजरअंदाज न करें।
