आज के टाइम में बहुत से लोगों की हार्ट अटैक से जान जा रही है। इससे बड़े ही नहीं बल्कि छोटे बच्चे भी शिकार हो रहे हैं। दरअसल हाल ही में उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। एक प्रतिष्ठित स्कूल की तीसरी कक्षा में पढ़ने वाली नौ वर्षीय छात्रा मानवी सिंह की खेलते समय कार्डियक अरेस्ट से मौत हो गई। यह दुखद घटना शुक्रवार की दोपहर लंच के बाद घटी, जब मानवी अपनी सहेलियों के साथ खेलते हुए अचानक बेहोश हो गई। स्कूल के मैदान में खेलते समय अचानक गिर जाने के बाद सहेलियों ने तुरंत शिक्षकों को सूचित किया, जिसके बाद शिक्षकों ने क्षात्रा को अस्पताल ले गये, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

स्कूल प्रशासन की ओर से बयान

मॉन्टफॉर्ट स्कूल के प्रिंसिपल ने घटना के बाद एक बयान जारी किया। बयान में कहा गया कि मानवी सिंह खेल के मैदान में अचानक बेहोश हो गई, जिसके तुरंत बाद उसे नजदीकी फातिमा अस्पताल ले जाया गया। हालांकि अस्पताल पहुंचने पर मानवी को मृत घोषित कर दिया गया। प्रिंसिपल ने यह भी बताया कि बच्ची के परिवार ने उसे दूसरे अस्पताल, चंदन अस्पताल, ले जाने का फैसला किया, जहां डॉक्टरों ने पुष्टि की कि मानवी की मौत कार्डियक अरेस्ट के कारण हुई थी।

परिवार ने पुलिस कार्रवाई से किया इनकार

इस घटना के बाद पुलिस ने भी संज्ञान लिया, लेकिन मानवी के परिवार ने किसी भी प्रकार की पुलिस कार्रवाई से इनकार कर दिया। परिवार का कहना है कि यह एक दुखद दुर्घटना थी, और वे इस मामले में आगे की जांच नहीं चाहते। बच्ची की असामयिक मौत के कारण स्कूल प्रशासन ने शुक्रवार को स्कूल बंद रखने का निर्णय लिया। स्कूल के सभी शिक्षक और छात्र इस घटना से बेहद दुखी हैं।

बच्चों में कार्डियक अरेस्ट: एक चिंता का विषय

मानवी सिंह की अचानक हुई मौत ने लोगों को चौंका दिया है। आमतौर पर बच्चों में कार्डियक अरेस्ट कम देखने को मिलता है, लेकिन हाल के दिनों में इस तरह की घटनाओं में वृद्धि हुई है। चिकित्सा विशेषज्ञों का कहना है कि बच्चों में कार्डियक अरेस्ट का मुख्य कारण अनियंत्रित हार्ट रिदम, जन्मजात हृदय रोग या अचानक हार्ट फेल्योर हो सकता है। इन मामलों में समय पर चिकित्सा सहायता का मिलना महत्वपूर्ण होता है, लेकिन मानवी के मामले में दुर्भाग्यवश ऐसा नहीं हो पाया।

अमरोहा में भी हो चुकी है ऐसी घटना

मानवी की दुखद मौत से पहले अमरोहा जिले में भी एक पांच साल की बच्ची की हार्ट अटैक से मौत हो चुकी है। उस बच्ची की मां के साथ मोबाइल पर कार्टून देखते हुए अचानक मौत हो गई थी। डॉक्टरों ने उस समय भी हार्ट अटैक को मौत का कारण बताया था।

परिवार और स्कूल में शोक की लहर

मानवी की मौत से उसका परिवार और स्कूल समुदाय गहरे शोक में है। मासूम बच्ची की अचानक मृत्यु ने सभी को हिला कर रख दिया है। इस घटना ने एक बार फिर बच्चों की स्वास्थ्य जांच और स्कूलों में मेडिकल सुविधाओं की आवश्यकता पर सवाल खड़े किए हैं।

By tnm

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *