आजकल सुहागरात से पहले लड़कियों में एक नया ट्रेंड देखने को मिल रहा है, जिसमें वे फेस सर्जरी की तरह ही एक अन्य शल्य प्रक्रिया हाइमेनोप्लास्टी, करवा रही हैं। हाइमेनोप्लास्टी, जिसे “कौमार्य पुनःस्थापना सर्जरी” भी कहा जाता है, महिलाओं के हाइमन को फिर से स्थापित करने की एक प्रक्रिया है। हाइमन एक पतली झिल्ली होती है, जो योनि के प्रवेश द्वार पर स्थित होती है और अक्सर इसे कौमार्य का प्रतीक माना जाता है। हालांकि यह धारणा वैज्ञानिक रूप से गलत है, क्योंकि हाइमन केवल संभोग के कारण नहीं, बल्कि खेल-कूद, साइकलिंग या अन्य शारीरिक गतिविधियों के दौरान भी टूट सकता है।
हाइमेनोप्लास्टी कराने के मुख्य कारण

इस सर्जरी का प्रमुख कारण समाज और संस्कृति से जुड़ी गहरी मान्यताएं हैं, खासकर एशियाई देशों और भारतीय उपमहाद्वीप यहां अब भी शादी से पहले कौमार्य को लेकर कठोर सामाजिक अपेक्षाए , जिससे महिलाएं इस सर्जरी का सहारा ले रही हैं। शादी के समय सम्मान और पवित्रता को सुरक्षित रखने की इस सोच के चलते, महिलाएं अपने परिवार और भावी जीवनसाथी के दबाव को महसूस करती हैं और खुद को एक वर्जिन के रूप में पेश करने का प्रयास करती हैं।
कुछ महिलाएं इसे आत्म-सम्मान बढ़ाने और समाज में अपनी छवि को मजबूत करने का जरिया भी मानती हैं। इसके अतिरिक्त, कई महिलाएं यौन हिंसा या किसी अन्य आघात से उबरने के लिए इसे एक नई शुरुआत के रूप में देखती हैं और इसलिए यह सर्जरी करवाती हैं। कुछ चिकित्सीय मामलों में भी हाइमेनोप्लास्टी की जरूरत पड़ती है, खासकर अगर हाइमन किसी दुर्घटना या अन्य मेडिकल कारणों से क्षतिग्रस्त हो गया हो।
हाइमेनोप्लास्टी के पीछे सांस्कृतिक और सामाजिक दबाव
विशेष रूप से भारत जैसे देशों में शादी से पहले कौमार्य को लेकर गहरी मान्यताएं मौजूद हैं। विवाह के समय महिलाएं खुद को कुंवारी साबित करने के दबाव में होती हैं। कई बार परिवार और समाज से मिलने वाले इस दबाव के कारण महिलाएं यह सर्जरी करवाने के लिए मजबूर हो जाती हैं। यह सर्जरी उन्हें इस सामाजिक दबाव से मुक्त करने और अपने जीवन में एक प्रकार की सुरक्षा प्रदान करने का साधन बन जाती है।
कौन करवा रहा है यह सर्जरी
20 से 30 साल की उम्र की महिलाएं, खासकर शहरी क्षेत्रों में, इस सर्जरी को ज्यादा करवा रही हैं। शहरीकरण आधुनिक समाज और वैश्वीकरण ने इस प्रक्रिया को अधिक सुलभ बना दिया है। निजी जीवन में जागरूकता और विकल्पों की बढ़ती उपलब्धता के कारण अब महिलाएं अपने जीवन के इस पहलू पर अधिक नियंत्रण रख रही हैं।
इसके अलावा सोशल मीडिया और इंटरनेट ने हाइमेनोप्लास्टी के बारे में जागरूकता फैलाने में अहम भूमिका निभाई है। महिलाएं अपने अनुभव और सर्जरी से जुड़ी चुनौतियों को सोशल मीडिया पर साझा कर रही हैं, जिससे अन्य महिलाओं को भी इसे अपनाने की प्रेरणा मिल रही है। सोशल मीडिया प्लेटफार्मों ने हाइमेनोप्लास्टी को एक चर्चित मुद्दा बना दिया है, जिससे यह ट्रेंड और भी तेज़ी से फैल रहा है।
मानसिक आघात और सर्जरी का संबंध
हाइमेनोप्लास्टी सिर्फ सामाजिक दबाव के कारण ही नहीं करवाई जाती, बल्कि कई बार यह यौन हिंसा या अन्य प्रकार के मानसिक आघात से उबरने का जरिया भी बनती है। यह सर्जरी उन महिलाओं के लिए एक तरह से आत्म-सम्मान और आत्मविश्वास को फिर से स्थापित करने का माध्यम है, जिन्होंने अपने जीवन में ऐसे किसी हादसे का सामना किया है।
