मौसम बदलने के साथ ही लोगों को कई तरह की स्किन प्रॉब्लम्स का सामना करना पड़ता है। खासकर बारिश के मौसम में जब उमस भरी हवा के कारण मुंहासे और एक्ने जैसी समस्याएं बढ़ जाती हैं। इस स्थिति में लोग अक्सर बाजार में उपलब्ध महंगे स्किन केयर प्रोडक्ट्स का सहारा लेते हैं, लेकिन फिर भी उन्हें मनचाहा परिणाम नहीं मिल पाता।
इस तरह की समस्याओं से बचने के लिए यह जरूरी है कि आप अपनी स्किन टाइप के अनुसार ही फेस वॉश करें। अगर आप अपनी स्किन के हिसाब से चेहरा नहीं धोते, तो आपकी त्वचा की समस्याएं और भी बढ़ सकती हैं। आइए जानते हैं कि तैलीय, रूखी, संवेदनशील और सामान्य त्वचा वाले लोगों को किस तरह से अपने चेहरे की सफाई करनी चाहिए।
तैलीय त्वचा के लिए फेस वॉश

तैलीय त्वचा वाले लोगों के लिए बारिश का मौसम बहुत चुनौतीपूर्ण होता है। उमस की वजह से त्वचा में अतिरिक्त तेल जमा हो जाता है, जो मुंहासों और ब्लैकहेड्स का कारण बनता है। ऐसे में ऑयली स्किन वालों को दिन में 2-3 बार अपना चेहरा धोना चाहिए। दिन में कम से कम तीन बार चेहरा धोने से त्वचा से अतिरिक्त तेल हट जाएगा और मुंहासों की समस्या से भी राहत मिलेगी।
रूखी त्वचा के लिए फेस वॉश

रूखी त्वचा वाले लोगों को दिन में 1-2 बार ही अपना चेहरा धोना चाहिए। दरअसल ड्राई स्किन वालों के लिए दिन में एक बार चेहरा धोना पर्याप्त होता है। इससे त्वचा की नमी बरकरार रहती है। अगर आपको लगता है कि चेहरा गंदा हो गया है, तो आप सोने से पहले जेंटल फेसवॉश का उपयोग कर सकते हैं। इस तरह त्वचा की नमी भी बनी रहती है और गंदगी भी साफ हो जाती है।
सेंसिटिव स्किन के लिए फेस वॉश

सेंसिटिव स्किन वालों को चेहरे को बार-बार धोने से बचना चाहिए। बार-बार धोने से त्वचा में जलन और रैशेज जैसी समस्याएं हो सकती हैं। ऐसे में संवेदनशील त्वचा के लिए दिन में एक बार चेहरा धोना पर्याप्त होता है। आप सुबह या रात में बिना खुशबू वाले क्लींजर का उपयोग कर सकते हैं, जो त्वचा के लिए सौम्य हो।
नॉर्मल त्वचा के लिए फेस वॉश

नॉर्मल स्किन वाले लोगों की त्वचा मौसम के अनुकूल होती है। ऐसे लोगों को दिन में 2 बार चेहरा धोना चाहिए। सामान्य त्वचा वाले लोग सुबह और रात को चेहरा धो सकते हैं, जिससे उनकी त्वचा साफ और तरोताजा बनी रहती है।
मौसम चाहे जैसा भी हो, अगर आप अपनी स्किन टाइप के अनुसार चेहरा धोएंगे, तो आपकी त्वचा स्वस्थ और चमकदार रहेगी। सही तरीके से फेस वॉश करने से न केवल त्वचा की समस्याएं दूर होती हैं, बल्कि स्किन की चमक भी बरकरार रहती है।
