केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने हाल ही में नेशनल मेडिकल कमीशन के राष्ट्रीय चिकित्सा रजिस्टर (NMR) पोर्टल का शुभारंभ किया। इस पोर्टल का उद्देश्य भारत में सभी एलोपैथिक (MBBS) पंजीकृत डॉक्टरों का एक व्यापक और डायनेमिक डेटाबेस तैयार करना है। इस अवसर पर केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल और प्रतापराव जाधव भी मौजूद रहे।
जानें जेपी नड्डा ने पोर्टल को लेकर क्या बताया
जेपी नड्डा ने इस पहल को डिजिटल हेल्थकेयर सिस्टम को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि यह रजिस्टर न केवल डॉक्टरों की जानकारी को संगठित करेगा बल्कि इसे लोगों के लिए आसानी से उपलब्ध भी बनाएगा। इस रजिस्टर के बाद, पैरामेडिक्स और अन्य हेल्थकेयर प्रोफेशनल्स के लिए भी ऐसा ही रजिस्टर लॉन्च करने की योजना है।
विशाल डिजिटल हेल्थ इकोसिस्टम बनाने में मददगार
अनुप्रिया पटेल ने कहा कि सरकार एक विशाल डिजिटल हेल्थ इकोसिस्टम बनाने की दिशा में काम कर रही है, जिसमें डॉक्टरों की डिजिटल रजिस्ट्री एक महत्वपूर्ण स्तंभ है। केंद्रीय मंत्री प्रतापराव जाधव ने इसे ‘सुधार, प्रदर्शन और परिवर्तन’ की दिशा में एक बड़ा कदम बताया। उनका मानना है कि इस रजिस्टर से सरकार की गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने की प्रतिबद्धता को मजबूती मिलेगी।
क्या है NMR पोर्टल
राष्ट्रीय चिकित्सा रजिस्टर भारत में सभी एलोपैथिक डॉक्टरों के लिए एक व्यापक डेटाबेस होगा, जो डिजिटल स्वास्थ्य सेवा पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करेगा। इस पहल से स्वास्थ्य सेवाओं में पारदर्शिता और दक्षता बढ़ेगी, जिससे जनता को उच्च गुणवत्ता वाली स्वास्थ्य सुविधाएं प्राप्त होंगी।
