आजकल की जीवनशैली में कई ऐसे खाद्य पदार्थ शामिल हो गए हैं जो स्वाद में तो लाजवाब होते हैं लेकिन जैसे ही ये हमारे शरीर में प्रवेश करते हैं, धीरे-धीरे सेहत को नुकसान पहुंचाने लगते हैं। भले ही इसका असर तुरंत न दिखे, लेकिन समय के साथ ये हमारे शरीर को अंदर से कमजोर कर देते हैं। इन्हीं खतरों को देखते हुए विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने कुछ खाद्य पदार्थों की एक सूची जारी की है, जिनके सेवन से बचने या बहुत ही सीमित मात्रा में खाने की सलाह दी गई है। इस सूची में कई ऐसे खाद्य पदार्थ हैं, जो लोग अक्सर अपनी दिनचर्या में शामिल कर लेते हैं। आइए जानते हैं, ये कौन-कौन से खाद्य पदार्थ हैं।

पास्ता और ब्रेड

रिपोर्ट्स के मुताबिक रिफाइंड कार्बोहाइड्रेट सबसे अनहेल्दी चीज़ों में से एक है। पास्ता और ब्रेड रिफाइंड कार्बोहाइड्रेट से ही बनाए जाते हैं। मीठे स्नैक्स में भी रिफाइंड कार्बोहाइड्रेट होता है, जो रक्त शर्करा के स्तर को बढ़ाता है। ये अल्ट्रा प्रोसेस्ड चीजें हैं, जिनका सेवन सोच-समझकर करना चाहिए।

आलू के चिप्स

ज्यादातर लोग रोज़ाना आलू के चिप्स खाते हैं। इन्हें उच्च तापमान पर रिफाइंड तेल में तला जाता है और इनमें अत्यधिक नमक होता है। ये दोनों ही चीजें सेहत के लिए हानिकारक हैं और इनमें अत्यधिक कैलोरी भी होती है।

पाम ऑयल

पाम ऑयल का इस्तेमाल कई घरों में किया जाता है, लेकिन यह सेहत के लिए खतरनाक साबित हो सकता है। यह दिल के लिए हानिकारक होता है और कोलेस्ट्रॉल के स्तर को बढ़ाता है। इसलिए इसका सेवन करने से बचना चाहिए।

पिज्जा और बर्गर

पिज्जा और बर्गर अल्ट्रा प्रोसेस्ड फूड्स की श्रेणी में आते हैं, जिनमें भारी मात्रा में मक्खन, चीज़, नमक और अन्य केमिकल शामिल होते हैं। ये चीजें वजन तेजी से बढ़ाने में सहायक होती हैं, इसलिए इनका सेवन बहुत कम करना चाहिए।

चीज़

चीज़ का उपयोग कई व्यंजनों में किया जाता है, लेकिन यह भी एक अल्ट्रा प्रोसेस्ड फूड है जिसमें सैचुरेटेड और ट्रांस फैट होता है। इसका अधिक सेवन दिल की बीमारियों और मोटापे का कारण बन सकता है।

अधिक नमक

दिनभर में 5 ग्राम से ज्यादा नमक का सेवन नहीं करना चाहिए। अधिक नमक का सेवन ब्लड प्रेशर को बढ़ाता है और दिल की गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ा देता है। इसलिए जिन खाद्य पदार्थों में नमक अधिक होता है, उन्हें या तो कम खाना चाहिए या बिल्कुल नहीं।

अत्यधिक चीनी

भारत में चीनी का सेवन हर घर में आम बात है, लेकिन ज्यादा चीनी से मोटापा, तनाव और लिवर, पैंक्रियास और आंतों से जुड़ी समस्याएं बढ़ सकती हैं। शुगर का स्तर अधिक होने पर चीनी का सेवन बिल्कुल नहीं करना चाहिए।

इन खाद्य पदार्थों को अपनी डाइट में शामिल करते समय सावधानी बरतें और स्वस्थ जीवनशैली अपनाएं। WHO की यह सूची आपको बेहतर स्वास्थ्य के लिए सचेत करती है, ताकि आप छोटी-छोटी आदतों से बड़ी बीमारियों से बच सकें।

By tnm

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *