अगर आप भी बाजार का बना समोसा और पनीर चटकारे लेकर खाते हैं, तो हो जाएं सावधान। दरअसल हाल ही में उत्तर प्रदेश के गोरखपुर से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है, जहां रक्षा बंधन के मौके पर भाई-बहन की खुशी मातम में बदल गई। सिकरीगंज थाना क्षेत्र के कटघरा गांव में एक भाई-बहन ने राखी बांधने के बाद बाजार से लाए समोसे और पनीर का सेवन किया, जिसके बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। इसके बाद दोनों की मौत हो गई, जिससे पूरे परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है।
रक्षा बंधन की खुशियां बदल गईं मातम में
कटघरा गांव की रहने वाली सीमा जो पिछले 15 सालों से अपने पति से अलग रह रही है, अपने तीन बच्चों के साथ गीडा में एक फैक्ट्री में काम कर परिवार का पालन-पोषण कर रही थी। रक्षाबंधन के त्योहार पर उसकी छोटी बेटी पूजा सावन के महीने में ही अपने मायके आ गई थी। इसी दौरान सीमा ने अपनी बड़ी बेटी को भी रक्षा बंधन पर घर आने का निमंत्रण दिया, लेकिन उसने बाद में आने का वादा किया। रक्षा बंधन के दिन पूजा ने अपने भाई विकास को राखी बांधी, लेकिन उन्हें अंदाजा भी नहीं था कि यह उनका आखिरी रक्षाबंधन होगा।
समोसा और पनीर खाने के बाद बिगड़ी हालत
राखी बांधने के बाद विकास अपनी बहन की खुशी के लिए पिपरौली बाजार से समोसे और पनीर लेकर आया। दोनों ने साथ मिलकर समोसा खाया, जिसके बाद उनके पेट में दर्द होने लगा। हालांकि उन्होंने इस पर ज्यादा ध्यान नहीं दिया और पूजा ने बाजार से लाए पनीर की सब्जी भी बना ली। सब्जी खाने के बाद दोनों की हालत और बिगड़ने लगी। मां सीमा जब अपनी ड्यूटी से घर लौटी, तो दोनों की तबीयत खराब देखकर वह तुरंत उन्हें पास के बंगाली डॉक्टर के पास लेकर गई। डॉक्टर ने इंजेक्शन देकर उन्हें घर भेज दिया, लेकिन घर पहुंचते ही उनकी तबीयत और बिगड़ गई।
अस्पताल में दोनों की मौत
स्थिति गंभीर होने पर आसपास के लोगों की मदद से सीमा ने दोनों बच्चों को झुंगिया स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। वहां बेटे विकास की हालत बिगड़ने पर उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। कुछ ही समय बाद पूजा की भी हालत गंभीर हो गई और उसे भी जिला अस्पताल लाया गया, जहां उसने भी दम तोड़ दिया। दोनों बच्चों की मौत से परिवार सदमे में है और मां सीमा का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। एसडीएम विकास गुप्ता ने बताया कि जिस दुकान से समोसा और पनीर लाया गया था, वहां से बचे हुए खाद्य सामग्री के नमूने लिए गए हैं। दुकान की सीसीटीवी फुटेज को भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। हालांकि इस मामले के पीछे फूड प्वाइजनिंग की वजह बताई जा रही है।
