मां बनना हर महिला के जीवन का सबसे अनमोल और सुखद अनुभव होता है। शिशु के लिए मां का दूध उसकी सेहत और विकास के लिए बेहद जरूरी माना जाता है। हालांकि कई बार नई मांओं को दूध न होने की समस्या का भी सामना करना पड़ता है। दरअसल उनके शरीर में पर्याप्त दूध का उत्पादन नहीं हो पाता, जिससे शिशु को भूख लगती है और वह रोने लगता है। इस स्थिति में मांओं को समझ नहीं आता कि क्या किया जाए।

बता दें कि कई बार दूध की कमी का कारण मां की डाइट होती है। गर्भावस्था और डिलीवरी के बाद मां की डाइट में सही पोषण का होना बेहद जरूरी है। अगर नई मां सही पोषण और संतुलित आहार नहीं ले रही हैं, तो इसका असर उनके दूध उत्पादन पर पड़ सकता है। यहां कुछ ऐसे फूड्स बताए गए हैं जिन्हें डाइट में शामिल करके दूध की सप्लाई को बढ़ाया जा सकता है।

सौंफ के बीज

सौंफ का उपयोग गैस, अपच और कब्ज जैसी समस्याओं के समाधान में किया जाता है, लेकिन यह दूध की सप्लाई बढ़ाने में भी मदद करता है। इसे उपयोग करने के लिए रात में सौंफ को पानी में भिगोकर रखें और सुबह उसका पानी पी लें। इससे न केवल दूध का उत्पादन बढ़ता है, बल्कि आपकी पाचन प्रणाली भी दुरुस्त रहती है।

मेथी के बीज

मेथी के बीज में ओमेगा-3 फैटी एसिड पाया जाता है, जो बच्चे के मस्तिष्क के विकास के लिए बेहद फायदेमंद है। मेथी के सेवन से मां के दूध की मात्रा बढ़ती है। आप मेथी का पानी पी सकती हैं या मेथी की सब्जी भी खा सकती हैं। इससे कैल्शियम, आयरन और बीटा-कैरोटीन जैसे महत्वपूर्ण पोषक तत्व मिलते हैं, जो मां और बच्चे दोनों के लिए फायदेमंद होते हैं।

लहसुन

लहसुन भी ब्रेस्ट मिल्क की सप्लाई को बढ़ाने में मदद करता है। हालांकि इसके सेवन से दूध में हल्की सी गंध आ सकती है, इसलिए इसे सीधे खाने की बजाय भोजन या सूप में डालकर खाया जा सकता है। लहसुन न केवल दूध उत्पादन को बढ़ाता है, बल्कि इम्यूनिटी को भी मजबूत करता है, जिससे मां और शिशु दोनों स्वस्थ रहते हैं।

जीरा

नई मांओं को जीरा का पानी पीने की सलाह दी जाती है। जीरा पाचन क्रिया को बेहतर बनाने के साथ-साथ दूध उत्पादन को भी बढ़ाता है। इसका उपयोग करने के लिए आप जीरा को पानी में उबालकर उसका पानी पी सकती हैं या अपने भोजन में जीरा शामिल कर सकती हैं।

दलिया

दलिया में भरपूर मात्रा में फाइबर होता है, जो मां के दूध उत्पादन को बढ़ाने में सहायक होता है। इसके अलावा दलिया खाने से शरीर को आवश्यक ऊर्जा भी मिलती है, जो नई मांओं के लिए बहुत जरूरी है। दलिया का सेवन रोजाना डाइट में शामिल करने से मांओं को दूध की कमी की समस्या से छुटकारा मिल सकता है।

By tnm

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *