एग फ्रिजिंग एक आधुनिक चिकित्सा प्रक्रिया है, जो महिलाओं को उनके अंडों को भविष्य में उपयोग के लिए सुरक्षित रखने का अवसर प्रदान करती है। यह उन महिलाओं के लिए एक महत्वपूर्ण विकल्प है जो किसी कारणवश अपनी प्रेग्नेंसी को टालना चाहती हैं, लेकिन भविष्य में अपनी फर्टिलिटी को सुरक्षित रखना चाहती हैं। इस प्रक्रिया के बारे में जागरूकता बढ़ रही है, लेकिन इसके संभावित साइड इफेक्ट्स को लेकर कई महिलाओं के मन में सवाल होते हैं। ऐसे में आइए जानते हैं एग फ्रिजिंग की प्रक्रिया और इससे जुड़े साइड इफेक्ट्स को समझते हैं।
क्या है एग फ्रिजिंग की प्रक्रिया
एग फ्रिजिंग की प्रक्रिया में महिला के अंडाशय से अंडे निकाले जाते हैं। इसे मेडिकल भाषा में ओवम रिट्रीवल कहा जाता है। इस प्रक्रिया के पहले चरण में महिला को हार्मोनल दवाएं दी जाती हैं, ताकि अंडाशय में एक बार में कई अंडे विकसित हो सकें। इसके बाद मामूली सर्जिकल प्रक्रिया के जरिए इन अंडों को निकाला जाता है और अत्यधिक ठंडे तापमान पर फ्रीज कर दिया जाता है, ताकि भविष्य में प्रेग्नेंसी के लिए इनका उपयोग किया जा सके।
संभावित साइड इफेक्ट्स
हालांकि एग फ्रिजिंग की प्रक्रिया आमतौर पर सुरक्षित मानी जाती है, लेकिन कुछ साइड इफेक्ट्स हो सकते हैं।
हार्मोनल दवाओं का प्रभाव
अंडाशय को फ्रिजिंग करने के लिए कुछ हार्मोनल दवाएं दी जाती है, जिसके कुछ साइड इफेक्ट्स हो सकते हैं। इन साइड इफेक्टस में सिरदर्द, मितली, सूजन, या मूड स्विंग्स शामिल है। वहीं इसके प्रभाव अस्थायी होते हैं और आमतौर पर कुछ दिनों में अपने आप ही ठीक हो जाते हैं।
ओवेरियन हाइपरस्टिम्युलेशन सिंड्रोम (OHSS)
कुछ महिलाओं में हार्मोनल दवाओं के कारण ओवेरियन हाइपरस्टिम्युलेशन सिंड्रोम हो सकता है। इससे अंडाशय में सूजन, दर्द आदि की समस्या हो सकती है। हालांकि यह स्थिति बहुत कम मामलों में ही देखने को मिलती है, और इसे मेडिकल मॉनिटरिंग के जरिए नियंत्रित किया जा सकता है।
सर्जिकल जोखिम
अंडे निकालने की प्रक्रिया एक छोटी सी सर्जरी होती है, जिसमें संक्रमण या खून का बहाव का हल्का सा जोखिम होता है। हालांकि यह जोखिम बहुत ही कम होता है और अधिकतर मामलों में कोई बड़ी समस्या नहीं होती है।
भावनात्मक प्रभाव
एग फ्रिजिंग की प्रक्रिया के दौरान कुछ महिलाएं में भावनात्मक तनाव, चिंता, या मानसिक अस्थिरता अनुभव कर सकती हैं। इस स्थिति में दोस्तों, परिवार, या काउंसलर की मदद लेना फायदेमंद हो सकता है।
क्या है एक्सपर्ट की राय
विशेषज्ञों के अनुसार एग फ्रिजिंग की प्रक्रिया आमतौर पर सुरक्षित मानी जाती है, और इसके साइड इफेक्ट्स हल्के होते हैं। जिन महिलाओं को भविष्य में प्रेग्नेंसी की योजना है और वे अपनी फर्टिलिटी को सुरक्षित रखना चाहती हैं, उनके लिए एग फ्रिजिंग एक अच्छा विकल्प हो सकता है। यह उन महिलाओं के लिए विशेष रूप से लाभकारी है जो किसी कारणवश अपनी प्रजनन क्षमता को बनाए रखना चाहती हैं, चाहे वह करियर, स्वास्थ्य, या व्यक्तिगत कारण हो।
एग फ्रिजिंग करवाने का सही समय क्या है
विशेषज्ञों के मुताबिक एग फ्रिजिंग का सबसे अच्छा समय तब होता है जब महिला की प्रजनन क्षमता (फर्टिलिटी) सबसे अधिक होती है, जो आमतौर पर 20 से 35 साल की उम्र के बीच होती है। इस समय अंडों की गुणवत्ता और संख्या सबसे बेहतर होती है, जिससे भविष्य में प्रेग्नेंसी की सफलता दर भी अधिक होती है।
वहीं 35 साल की उम्र के बाद महिला की प्रजनन क्षमता में गिरावट आनी शुरू हो जाती है, इसलिए इस उम्र से पहले एग फ्रिजिंग करवाना अधिक फायदेमंद होता है। इससे महिलाओं को अपने अंडों को सुरक्षित रखने और जब वे तैयार हों, तब प्रेग्नेंसी की योजना बनाने का अवसर मिलता है।
