हाल ही में बॉलीवुड और टॉलीवुड के सुप्रसिद्ध अभिनेता और समाजसेवक सोनू सूद ने 11 महीने की बच्ची कुमुद के इलाज के लिए समाज से आर्थिक मदद देने की अपील की है। दरअसल दिल्ली में एक 11 महीने की बच्ची कुमुद एक गंभीर बीमारी से जूझ रही है। बच्ची को स्पाइनल मस्कुलर एट्रोफी (एसएमए) टाइप-वन बीमारी है, जिसका इलाज अत्यंत महंगा है। इस बीमारी के उपचार के लिए आवश्यक इंजेक्शन की कीमत लगभग 16 करोड़ रुपये है। इस दुर्लभ बीमारी के कारण कुमुद के माता-पिता को जल्द ही इलाज के लिए आर्थिक सहायता की जरूरत है, क्योंकि इंजेक्शन दो साल की उम्र से पहले देना होता है।

परिवार ने इलाज के लिए लोगों से मांगी मदद  

कुमुद के माता-पिता नेहा और रजनीकांत आर्थिक रूप से इस भारी बोझ को उठाने में असमर्थ हैं। नेहा एक बैंक में काम करती हैं, जबकि रजनीकांत एक लैपटॉप बनाने वाली कंपनी में कार्यरत हैं। वे मूल रूप से पश्चिम विहार के निवासी हैं। कुमुद का जन्म 12 अगस्त 2023 को हुआ था, और उसके छह महीने के होते ही उन्हें महसूस हुआ कि वह सामान्य बच्चों की तरह नहीं है। वह ठीक से खाना नहीं खा पाती थी, बैठ नहीं पाती थी, और सांस लेने में भी समस्या होती थी। डॉक्टरों से परामर्श के बाद पता चला कि वह एसएमए टाइप-वन से पीड़ित है।

आपको बता दें कि स्पाइनल मस्कुलर एट्रोफी एक आनुवांशिक बीमारी है, जो शिशुओं की मांसपेशियों को कमज़ोर करके और बदतर बना देती है। वहीं इस बीमारी का इलाज बच्चे के दो साल होने से पहले देना जरूरी होता है। हालांकि इस बीमारी के इलाज के लिए एक विशेष इंजेक्शन की आवश्यकता होती है, जो अमेरिका से मंगवाना पड़ेगा। इसकी कीमत लगभग 16 करोड़ रुपये है, जो किसी भी मध्यमवर्गीय परिवार के लिए अत्यधिक है। इस स्थिति में परिवार ने जनता से आर्थिक सहायता की अपील की है।

अभिनेता सोनू सूद ने भी मदद की अपील की

आपको बता दें कि बॉलीवुड अभिनेता सोनू सूद ने भी इस अभियान में अपना योगदान दिया है। उन्होंने इंटरनेट मीडिया पर एक वीडियो जारी कर लोगों से कुमुद की मदद करने की गुहार लगाई है। वीडियो में सोनू सूद ने बताया कि यह इंजेक्शन बच्ची के जीवन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है और इसकी कीमत 14 से 16 करोड़ रुपये है। उन्होंने कहा कि किसी भी परिवार के लिए इतनी बड़ी राशि जुटाना संभव नहीं है, इसलिए उन्होंने सभी से इस बच्ची की सहायता करने की अपील की है।

By tnm

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *