आजकल के बदलते लाइफस्टाइल और गलत खानपान की वजह से लोग कई समस्याओं से घिर रहे हैं। इन्हीं में से एक समस्या लिवर खराब होने की समस्या भी शामिल है। हालांकि हेपेटाइटिस की वजह से लोगों की लिवर अधिकतर खराब होती है। वहीं यह बीमारी वायरल इन्फेक्शन की वजह से होता है। डबल्यूएचओ के मुताबिक 350 मिलियन से अधिक लोग इस बीमारी से पीड़ित होते हैं। ऐसे में लोगों को इस बीमारी के प्रति जागरूक करने के लिए हर साल 28 जुलाई को वर्ल्ड हेपेटाइटिस डे मनाया जाता है।
विश्व हेपेटाइटिस दिवस मनाने का उद्देश्य जागरूकता बढ़ाना और लोगों को हेपेटाइटिस की गंभीरता को समझाना है। आपको बता दें कि सही जानकारी और सावधानियों के साथ हम इस बीमारी से खुद को और दूसरों को सुरक्षित रख सकते हैं। ऐसे में चलिए इस बीमारी के कारण, लक्षण और बचाव के बारे में जानते हैं।
हेपेटाइटिस होने के कारण
हेपेटाइटिस, लिवर की सूजन है जो अक्सर वायरस के कारण होती है। पांच प्रमुख प्रकार के हेपेटाइटिस वायरस हैं: A, B, C, D, और E। हेपेटाइटिस A और E आमतौर पर दूषित पानी या भोजन से फैलते हैं, जबकि हेपेटाइटिस B, C, और D संक्रमित रक्त, सुइयों, या असुरक्षित यौन संबंधों के माध्यम से फैलते हैं।
हेपेटाइटिस के लक्षण
बुखार आना
थकान महसूस होना
भूख कम लगना
उल्टी और मतली
पेट दर्द होना
गहरे रंग का पेशाब
त्वचा और आंखों का पीला होना
हेपेटाइटिस होने पर इसका इलाज
आपको बता दें कि हेपेटाइटिस का उपचार उसके प्रकारों पर निर्भर करता है।
हेपेटाइटिस A और E
ये आमतौर पर खुद ब खुद ठीक हो जाते हैं। इलाज में आराम, उचित पोषण, और हाइड्रेशन शामिल हैं।
हेपेटाइटिस B और C
वहीं हेपेटाइटिस B और C अधिक गंभीर होते हैं और इनके लिए एंटीवायरल दवाओं की आवश्यकता होती है। हेपेटाइटिस B के लिए इंटरफेरॉन और एंटीवायरल दवाएं उपलब्ध हैं, जबकि हेपेटाइटिस C के लिए नई एंटीवायरल दवाओं की सहायता से इलाज हो सकता है।
हेपेटाइटिस D
इसका इलाज हेपेटाइटिस B के उपचार के साथ ही किया जाता है।
लिवर की सूजन को रोकने के उपाय
टीकाकरण
हेपेटाइटिस A और B के खिलाफ टीकाकरण उपलब्ध है। हेपेटाइटिस B के टीके हेपेटाइटिस D से भी बचाते हैं।
सुरक्षित भोजन और पानी
साफ पानी पिएं और स्वच्छता का ध्यान रखें। दूषित भोजन और पानी से बचें।
स्वच्छता का ध्यान
नियमित रूप से हाथ धोएं, विशेष रूप से शौचालय का उपयोग करने के बाद और भोजन से पहले।
सुरक्षित यौन संबंध
असुरक्षित यौन संबंधों से बचें और कंडोम का उपयोग करें।
सुइयों का सुरक्षित उपयोग
स्वच्छ और नई सुइयों का उपयोग करें, विशेषकर दवाओं या टैटू के लिए।
अल्कोहल सेवन सीमित करें
अत्यधिक अल्कोहल सेवन लिवर को नुकसान पहुंचा सकता है, इसलिए इसका सेवन सीमित मात्रा में करें।
हेल्दी लाइफस्टाइल फॉलो
एक हेल्दी लाइफस्टाइल में नियमित व्यायाम, संतुलित आहार और पर्याप्त नींद लेना शामिल है।
