बेंगलुरु के नैशनल इंस्टिट्यूट ऑफ मेंटल हेल्थ एण्ड न्युरोलजी (Nimhans) अस्पताल ने लगातार दूसरी बार नेशनल एक्रीडिटेशन बोर्ड फॉर हॉस्पिटल्स (NABH) मान्यता प्राप्त करने में सफलता हासिल की है। बता दें कि हाल ही में निम्हांस की निदेशक डॉ. प्रतिमा मूर्ति ने इस महत्वपूर्ण उपलब्धि की घोषणा की है। डॉ. मूर्ति ने कहा कि यह बताते हुए गर्व हो रहा है कि निम्हांस एनएबीएच मान्यता प्राप्त करने वाला पहला इंस्टिट्यूट ऑफ नैशनल इम्पॉर्टन्स (आईएनआई) अस्पताल है। हमें यह प्रतिष्ठित एनएबीएच नवीनीकरण एक बार फिर से पांचवें संस्करण के मानकों के अनुसार प्राप्त हुआ है। यह हमारे स्वास्थ्य सेवा में बढ़िया समर्पण का परिणाम है।
एनएबीएच क्या है
एनएबीएच मान्यता अस्पतालों और स्वास्थ्य सेवा प्रदाताओं के लिए एक प्रतिष्ठित प्रमाणपत्र है, जो कि उच्च गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों को बनाए रखने के लिए दिया जाता है। निम्हांस का यह नवीनीकरण संस्थान की उत्कृष्टता, उच्च मानकों और रोगी देखभाल में समर्पण को दर्शाता है।
मेडिकल सेवाओं में निरंतर सुधार
बता दें कि निम्हांस ने इस सफलता को प्राप्त करने के लिए अपनी प्रक्रियाओं और सेवाओं में निरंतर सुधार और उन्नति की है। इस मान्यता से संस्थान को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक मानक स्थापित करने में मदद मिलेगी, जिससे यह न केवल भारत में बल्कि वैश्विक स्तर पर भी उत्कृष्टता का प्रतीक बन सकेगा। वहीं निम्हांस का यह नवीनीकरण स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में उसकी प्रतिष्ठा और विश्वसनीयता को और बढ़ाएगा। यह मान्यता अस्पताल की संचालन प्रक्रियाओं, रोगी सुरक्षा, गुणवत्ता देखभाल और नैतिक प्रथाओं के उच्च मानकों को मान्यता देती है।
डॉ. मूर्ति ने दी बधाई
इस अवसर पर डॉ. मूर्ति ने सभी कर्मचारियों, चिकित्सकों और स्वास्थ्य सेवा प्रदाताओं को उनकी कड़ी मेहनत और समर्पण के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि उनकी संयुक्त प्रयासों और टीम वर्क का परिणाम है, जिसने निम्हांस को इस प्रतिष्ठित मान्यता को फिर से हासिल करने में सक्षम बनाया।
