टाई पहनना पेशेवर और औपचारिक दिखने का एक आम तरीका है। वहीं इसे खासकर कार्यालय और व्यावसायिक सेटिंग्स में पहना जाता है। अगर आप भी दिन भर ऑफिस में टाई पहन कर रहते हैं तो हो जाएं सावधान। इससे आपके ब्रेन में खून की कमी हो सकती है। दरअसल हाल ही के एक स्टडी में यह दावा किया जा रहा है कि टाई पहनने से दिमाग तक खून की पहुंच कम हो सकती है। यह दावा कितना सच है और इसके पीछे का वैज्ञानिक आधार क्या है, आइए जानते हैं।
टाई और रक्त प्रवाह का संबंध
टाई पहनने से गर्दन के आसपास का क्षेत्र कस जाता है, जिससे रक्त वाहिकाओं पर दबाव बढ़ सकता है। विशेष रूप से कैरोटिड धमनियों पर यह दबाव बढ़ सकता है, जो दिमाग तक खून पहुंचाने का काम करती हैं। इससे रक्त प्रवाह में कमी हो सकती है और दिमाग तक पर्याप्त ऑक्सीजन और पोषक तत्व नहीं पहुंच पाते।
स्टडी क्या कहती है
वर्ष 2018 में जर्मनी के यूनिवर्सिटी हॉस्पिटल श्लेसविग-होल्स्टाइन में किए गए एक स्टडी में पाया गया कि टाई पहनने से दिमाग तक खून की पहुंच में 7.5% की कमी हो सकती है। इस स्टडी में स्वस्थ पुरुषों के दो समूहों पर परीक्षण किया गया था, जिसमें एक समूह ने टाई पहनी थी और दूसरे समूह ने नहीं। परिणामों में यह देखा गया कि टाई पहनने वाले समूह के मस्तिष्क तक रक्त प्रवाह में कमी आई थी।
टाई पहनने से शरीर पर पड़ने वाले संभावित प्रभाव
मस्तिष्क की कार्यक्षमता पर असर
रक्त प्रवाह की कमी से मस्तिष्क की कार्यक्षमता प्रभावित हो सकती है, जिससे ध्यान केंद्रित करने में कठिनाई, सिरदर्द और थकान हो सकती है।
ऑक्सीजन की कमी
मस्तिष्क को कम ऑक्सीजन मिलने से काम करने की क्षमता पर असर पड़ सकता है और दीर्घकालिक प्रभाव भी हो सकते हैं। वहीं लगातार टाई पहनने से रक्त प्रवाह में लगातार कमी रहने से दीर्घकालिक स्वास्थ्य समस्याएं भी हो सकती हैं।
टाई पहनने पर ये सावधानियां बरतें
सही फिटिंग चुनें
टाई पहनते समय यह सुनिश्चित करें कि यह बहुत तंग न हो। इसे इतना ढीला रखें कि आप सहज महसूस करें।
ब्रेक लें
लंबे समय तक टाई पहनने से बचें। अगर आपको पूरे दिन टाई पहननी है, तो बीच-बीच में इसे ढीला कर लें।
सक्रिय रहें
अपनी गर्दन और कंधों को समय-समय पर हिलाते रहें ताकि रक्त प्रवाह बेहतर बना रहे।
