हाल ही में दिल्ली के एक स्कूल से हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जहां एक स्कूल में कक्षा 8 के एक छात्र की आंख में गंभीर चोट लगने के कारण उसकी रोशनी चली गई है। यह घटना पिछले हफ्ते दिल्ली के जामिया नगर स्थित नूर नगर सर्वोदय विद्यालय में हुई है। इसके बाद से स्कूल प्रशासन की भूमिका पर सवाल उठने लगे हैं।
क्या है पूरा मामला
बता दें कि यह घटना दिल्ली के एक स्कूल को 13 साल के सूफियान सलमानी के साथ घटित हुआ है जहां वह पानी पीने के लिए पहले पीरियड के बाद कक्षा से बाहर गया था। इस बीच सूफियान के आंखों में किसी चीज से चोट लग गई, जिससे उसकी दाहिनी आंख की रोशनी चली गई। वहीं कुछ लोगों का कहना है कि यह चोट स्कूल में किसी खेल गतिविधि के दौरान लगी थी, लेकिन सटीक कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है।
छात्र के परिवार का आरोप
सूफियान के परिवार का आरोप है कि स्कूल प्रशासन ने घटना के बाद तुरंत और उचित चिकित्सा सहायता प्रदान नहीं की। उनके मुताबिक अगर स्कूल ने समय पर चिकित्सा सहायता प्रदान की होती तो सूफियान की रोशनी बचाई जा सकती थी। परिवार का कहना है कि प्रशासन ने घटना को दबाने की कोशिश की और उन्हें तुरंत सूचित नहीं किया। वहीं सूफियान के माता-पिता ने पुलिस से अपील की है कि वे बच्चे के चोट लगने की वजह का पता लगाएं।
स्कूल प्रशासन की प्रतिक्रिया
स्कूल प्रशासन ने इन आरोपों को खारिज किया है। उनका कहना है कि जैसे ही उन्हें घटना की जानकारी मिली, उन्होंने तुरंत प्राथमिक चिकित्सा दी और छात्र को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। स्कूल के प्रधानाचार्य ने कहा कि हम छात्र की स्थिति को लेकर चिंतित हैं और हम हर संभव सहायता प्रदान कर रहे हैं। हम घटना की जांच कर रहे हैं और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जांच और कार्रवाई
इस घटना के बाद शिक्षा विभाग ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं। एक उच्चस्तरीय समिति बनाई गई है जो घटना की सभी पहलुओं की जांच करेगी और यह सुनिश्चित करेगी कि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों। पुलिस ने भी मामला दर्ज कर लिया है और जांच कर रही है कि यह दुर्घटना थी या जानबूझकर की गई हरकत।
