बॉलीवुड एक्टर इमरान हशमी के फैंस के लिए एक शॉकिंग खबर सामने आई है। एक्टर को डेंगू हो गया है। वो पवन कल्याण के साथ अपनी तेलुगु फिल्म ओजी की शूटिंग कर रहे थे इसी दौरान उन्हें थकान, बुखार जैसे लक्षण महसूस हुए। इसके बाद जांच के दौरान यह पता चला कि उन्हें डेंगू हो गया है जो मच्छरों के काटने से फैलनी वाली एक बीमारी है। अब फिल्म की शूटिंग कुछ समय के लिए रोक दी गई है और इमरान आराम कर रहे हैं ताकि वह जल्दी ठीक हो पाएं। ऐसे में आपको भी डेंगू से बचने के लिए समय पर लक्षणों को पहचानना और इससे बचाव करना जरुरी है। तो चलिए आपको बताते हैं कि आप इससे अपना बचाव कैसे कर सकते हैं। आइए जानते हैं।
आखिर क्या होता है डेंगू?
डेंगू एक वायरस के कारण फैलने वाली बीमारी है। यह मच्छरों के काटने के कारण होती है। यह बीमारी डेंगू वायरस के कारण होती है जिसके चार प्रकार होते हैं DENV-1 से लेकर DENV-4 तक। डेंगू फैलाने वाला मच्छर एडीज एजिप्टी होता है जो आमतौर पर दिन में ही काटता है। डेंगू सबसे ज्यादा गर्म और नम जगहों पर होता है। इस समय बारिश का पानी भी इकट्ठा हो जाता है, जो मच्छरों के पनपने के लिए सबसे अच्छा होता है इसलिए इस मौसम में डेंगू का खतरा बढ़ जाता है।

लक्षण
इसके लक्षण आमतौर पर मच्छर के काटने के 4 से 10 दिन बाद दिखते हैं। ये लक्षण हल्के या गंभीर हो सकते हैं और बीमारी अक्सर 2 से 7 दिन तक रहती है। डेंगू के लक्षणों में बहुत तेज बुखार (104°F या 40°C तक), तेज सिरदर्द, आंखों के पीछे दर्द, मसल्स और जोड़ों में तेज दर्द, उल्टी, शरीर पर लाल चकत्ते (अक्सर बुखार आने के 2 से 5 दिन बाद), बहुत ज्यादा थकान, गर्दन या शरीर में सूजन शामिल हैं। यदि अगर आपको ये लक्षण महसूस हों, तो तुरंत डॉक्टर को दिखाएं, क्योंकि डेंगू सही समय पर इलाज न होने पर खतरनाक हो सकता है।
इस तरह करें अपना बचाव
बारिश के मौसम में डेंगू फैलाने वाले मच्छर बहुत एक्टिव हो जाते हैं लेकिन कुछ आसान से तरीके अपनाकर आप अपने साथ-साथ अपने परिवार को भी सुरक्षित रख सकते हैं।
. खिड़की और दरवाजों पर मच्छरदानी या नेट लगाएं, ताकि मच्छर घर में न आ पाएं।
. गमलों, पक्षियों के बर्तन या पालतू जानवरों के पानी के बर्तन में रखे पानी को हर दूसरे दिन बदलें।
. बारिश के बाद आसपास सफाई रखें, क्योंकि एडीज मच्छर साफ और रुके हुए पानी में ही पनपते हैं।
. सुबह और शाम के समय पूरी बाजू की शर्ट और लंबी पैंट पहनें। ये समय मच्छरों के काटने का सबसे ज्यादा होता है।
. अगर आपके घर में सजावटी तालाब है, तो उसमें गप्पी जैसी मछलियां रखें जो मच्छरों के लार्वा खा लेती हैं।
.बाल्टी, गमले, कूलर, पुराने टायर जैसी जगहों पर पानी जमा न होने दें। मच्छर ऐसे ही पानी में अंडे देते हैं।
