सेक्सुअली ट्रांसमिटेड डिजीज (STD) एक गंभीर स्वास्थ्य समस्या है, जो कई बार बिना किसी स्पष्ट लक्षण के होती है। हालांकि इसके कुछ शुरुआती लक्षणों को समय रहते पहचानकर इलाज कराना बहुत जरूरी होता है। STD का समय पर इलाज न होने से गंभीर समस्याएं हो सकती हैं, जैसे बांझपन, पुरानी दर्द, और कैंसर। अगर आप यौन रूप से सक्रिय हैं, तो इन लक्षणों को नजरअंदाज न करें। यहां जानें उन 5 प्रमुख लक्षणों के बारे में जो यौन संबंध के बाद दिखाई दे सकते हैं और जो STD का संकेत हो सकते हैं।
जननांग से असामान्य डिस्चार्ज (रिसाव)
यौन संबंध के बाद असामान्य डिस्चार्ज होना STD का एक सामान्य लक्षण हो सकता है। यदि डिस्चार्ज का रंग, गंध या बनावट असामान्य हो, तो यह संक्रमण का संकेत हो सकता है।
गाढ़ा सफेद या पीला डिस्चार्ज: गोनोरिया या क्लैमाइडिया का संकेत।
झागदार और दुर्गंधयुक्त डिस्चार्ज: ट्राइकोमोनिएसिस संक्रमण की निशानी।
हरा या मवाद जैसा डिस्चार्ज: यह गंभीर बैक्टीरियल संक्रमण का संकेत हो सकता है।
पेशाब के दौरान जलन या दर्द
यदि यौन संबंध के बाद पेशाब करते समय जलन, चुभन या दर्द महसूस हो, तो यह गोनोरिया, क्लैमाइडिया या ट्राइकोमोनिएसिस जैसे संक्रमणों का लक्षण हो सकता है। अगर यह लक्षण लंबे समय तक बना रहे, तो आपको डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए।
जननांग, मुंह या गुदा के आस-पास छाले, फफोले या मस्से
हर्पीस वायरस (HSV): दर्दनाक फफोले जो फटने के बाद घाव में बदल जाते हैं।
सिफलिस: शुरुआती चरण में बिना दर्द के छोटे-छोटे घाव (चैंक्रे) बनते हैं।
एचपीवी (HPV): जननांग या गुदा के आस-पास छोटे मांस के मस्से उभर सकते हैं।
जननांग में खुजली, लालिमा या जलन
यौन संबंध के बाद यदि जननांग क्षेत्र में खुजली, लालिमा या जलन महसूस हो, तो यह ट्राइकोमोनिएसिस, हर्पीस और प्यूबिक लाइस (जूं) जैसे STD का संकेत हो सकता है।
यौन संबंध के दौरान दर्द या पेट के निचले हिस्से में दर्द
यदि यौन संबंध के दौरान पेट के निचले हिस्से में दर्द या लगातार असहजता महसूस हो, तो यह पेल्विक इंफ्लेमेटरी डिजीज (PID) का संकेत हो सकता है, जो गोनोरिया और क्लैमाइडिया से होता है। यह संक्रमण अगर इलाज नहीं किया गया तो बांझपन की समस्या भी पैदा कर सकता है।
Disclaimer: यहां दी गई जानकारी केवल सामान्य सूचनात्मक उद्देश्यों के लिए है। किसी भी सुझाव को अमल में लाने से पहले डॉक्टर या एक्सपर्ट्स की सलाह जरूर लें।
