नीट रिजल्ट में ग्रेस मार्क्स पाने वाले 1563 कैंडिडेट्स के लिए आज यानी 23 जून को दोबारा से पेपर होने जा रहा है। NTA ने रीएग्जाम के एडमिट कार्ड 20 जून को जारी किए हैं। एग्जाम दोपहर 2 बजे से शाम 5:20 बजे के बीच होना है। पेपर का रिजल्ट 30 जून तक जारी किया जाएगा। NEET UG का संशोधित रिजल्ट जारी होने के बाद काउंसलिंग की प्रक्रिया 6 जुलाई से शुरू होगी।
NTA के DG को हटाया गया
इससे पहले NEET-UG एग्जाम विवाद के बीच केंद्र सरकार ने शनिवार रात 9 बजे NTA (नेशनल टेस्टिंग एजेंसी) के डायरेक्टर जनरल सुबोध कुमार सिंह को हटा दिया। प्रदीप सिंह खरोला को नया डीजी नियुक्त किया गया है। दूसरी तरफ, केंद्र ने NEET-UG एग्जाम में कथित अनियमितताओं के मामले की जांच CBI को सौंप दी है। शिक्षा मंत्रालय ने शनिवार देर रात इसकी घोषणा की।
NEET PG पेपर आधी रात रद्द
शनिवार(22 जून) रात 10 बजे केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने NEET PG प्रवेश परीक्षा को स्थगित कर दिया। परीक्षा आज 23 जून को होनी थी। मंत्रालय ने कहा है कि ऐसा एहतियाती उपाय के तौर पर किया जा रहा है। परीक्षा की नई तारीख जल्द ही घोषित की जाएगी।
6 शहरों में हो रहा है एग्जाम
NEET री-एग्जाम उन छह शहरों में हो रहा है, जहां समय के नुकसान के चलते बच्चों को ग्रेस मार्क्स दिए गए थे। री-एग्जाम इन्ही 6 शहरों में है लेकिन परीक्षा केंद्र बदल दिए गए हैं। ये 6 शहर हैं
बालोद, छत्तीसगढ़
दंतेवाड़ा, छत्तीसगढ़
सूरत, गुजरात
मेघालय, मेघालय
बहादुरगढ़, हरियाणा
चंडीगढ़
6 कैंडिडेट्स ने 720/720 अंक हासिल किए
हरियाणा के झज्जर सेंटर से 720/720 अंक हासिल करने वाले 6 कैंडिडेट्स सामने आए थे। इस सेंटर पर रीएग्जाम कंडक्ट नहीं किया जाएगा। शिक्षा मंत्रालय से जुड़े अधिकारियों ने कहा कि एग्जाम के दौरान किसी तरह की परेशानी न आए, ये सुनिश्चित करने के लिए एग्जाम सेंटर्स में बदलाव किया गया है।
शिक्षा मंत्रालय के अधिकारी एग्जाम सेंटर्स पर मौजूद रहेंगे
NTA ने इस एग्जाम के लिए बने टेस्ट सेंटर्स पर ऑब्जर्वर अपॉइंट कर दिए हैं। एग्जाम के दौरान NTA और शिक्षा मंत्रालय के अधिकारी भी एग्जाम सेंटर्स पर मौजूद रहेंगे।
