अमेरिका के वेस्ट टेक्सास में खसरा (Measles) के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं, और इस समय 124 केस सामने आ चुके हैं। इनमें से 18 लोग अस्पताल में भर्ती हैं। इस बीमारी का प्रकोप खासतौर पर एक मेनोनाइट समुदाय में देखा जा रहा है, जो 9 काउंटी में फैल चुका है। इन काउंटियों में न्यू मैक्सिको, डॉसन, गेसन, योआकम, एक्टर, ल्यूबक, लिन, मार्टिन और डेलम शामिल हैं। इस मामले की जानकारी राज्य स्वास्थ्य विभाग ने बीते मंगलवार को दी।
क्या है खसरा
खसरा एक वायरल संक्रमण है, जिसे मोरबिलीवायरस (Morbillivirus) के कारण होता है। यह एक अत्यधिक संक्रामक बीमारी है जो खासतौर पर बच्चों को प्रभावित करती है, लेकिन अगर बच्चों को समय पर वैक्सीनेशन न मिले, तो बड़े भी इसकी चपेट में आ सकते हैं। खसरा शरीर में दाखिल होने के बाद तेज बुखार, शरीर पर लाल चकत्ते (रैशेज), और सांस से जुड़ी समस्याएं उत्पन्न करता है।
खसरा कैसे फैलता है?
हवा के जरिए
खसरा हवा में फैलता है, जो संक्रमित व्यक्ति की छींक, खांसी और सांस के संपर्क में आने से दूसरे व्यक्ति को भी प्रभावित करता है।
नजदीकी संपर्क से
संक्रमित व्यक्ति के नजदीकी संपर्क में आने या उनके इस्तेमाल किए गए सामान को छूने से भी खसरा फैल सकता है।
लंबे समय तक हवा में रहना
खसरा वायरस हवा में कई घंटों तक जिंदा रह सकता है और आसानी से एक से दूसरे इंसान में फैल सकता है।
खसरा कितना खतरनाक है?
खसरा से पीड़ित बच्चों में निमोनिया, डिहाइड्रेशन, ब्रेन इंफेक्शन (एन्सेफलाइटिस), और अंधापन जैसी गंभीर परेशानियां हो सकती हैं।
कुपोषित बच्चों और कमजोर इम्यूनिटी वाले लोगों के लिए यह जानलेवा साबित हो सकता है।
खसरा इलाज न होने पर मौत का कारण भी बन सकता है, खासकर बच्चों में।
खसरा के लक्षण
- तेज बुखार (104°F तक)
- खांसी और नाक बहना
- आंखों में लालिमा और पानी आना
- शरीर पर छोटे लाल चकत्ते (रैशेज)
- भूख न लगना और थकान
- गले में खराश और कमजोरी
खसरा से बचाव के उपाय
वैक्सीनेशन: खसरा-रूबेला (MR) या MMR वैक्सीन जरूर लगवाएं। यह खसरा से बचने का सबसे प्रभावी तरीका है।
साफ-सफाई: संक्रमित व्यक्ति से दूरी बनाए रखें और हाथ धोने की आदत डालें।
इम्यूनिटी बढ़ाएं: बच्चों और वयस्कों के लिए पोषण से भरपूर भोजन और विटामिन ए वाले खाद्य पदार्थों का सेवन करें।
इंफेक्शन होने पर अलग रखें: यदि कोई व्यक्ति खसरा से प्रभावित है, तो उसे दूसरों से अलग रखें और तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।
Disclaimer: यहां दी गई जानकारी केवल सामान्य सूचनात्मक उद्देश्यों के लिए है। किसी भी सुझाव को अमल में लाने से पहले डॉक्टर या एक्सपर्ट्स की सलाह जरूर लें।
