घर के माहौल को खूबसूरत बनाने के लिए अक्सर हम खुशबूदार मोमबत्तियों का इस्तेमाल करते हैं। ये मोमबत्तियां खास अवसरों या आम दिनों में भी घर में एक अच्छा वातावरण बनाती हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि ये मोमबत्तियां आपकी सेहत पर बुरा असर डाल सकती हैं? हाल ही में एक वैज्ञानिक रिसर्च ने चेतावनी दी है कि खुशबूदार मोमबत्तियां घर के अंदर हवा में खतरनाक टॉक्सिक पार्टिकल्स बना सकती हैं।
सेंटेड कैंडल्स की सेफ्टी पर सवाल
वैज्ञानिकों के मुताबिक सेंटेड वैक्स मेल्ट्स, यानी खुशबूदार मोमबत्तियां, से जुड़े कुछ खतरे हैं। पिछले शोधों में यह पाया गया था कि ये मोमबत्तियां सामान्य मोमबत्तियों की तुलना में अधिक हानिकारक सुगंधित कंपाउंड्स हवा में छोड़ती हैं। जब इन मोमबत्तियों को जलाया जाता है, तो इनमें मौजूद रसायन और कण हवा में मिलकर बेहद खतरनाक हो सकते हैं।
रिसर्च का तरीका
इस रिसर्च को पर्ड्यू यूनिवर्सिटी के वैज्ञानिकों ने किया। वैज्ञानिकों ने 15 अलग-अलग तरह के वैक्स मेल्ट्स का परीक्षण किया और उन्हें एक मॉडल हाउस में गर्म किया। इस दौरान उन्होंने एयर पॉल्यूशन का स्तर मापा और पाया कि वैक्स मेल्ट्स के गर्म होने पर हवा में बहुत छोटे कण बनते हैं। यह कण सांस के जरिए शरीर में प्रवेश कर सकते हैं।
चिंता का कारण: नैनो पार्टिकल्स
वैज्ञानिकों के अनुसार जब खुशबूदार मोमबत्तियों से निकलने वाले रसायन हवा में मौजूद ओजोन के साथ मिलकर टॉक्सिक नैनो पार्टिकल्स बनाते हैं, तो ये कण शरीर में जाकर स्वास्थ्य समस्याएं पैदा कर सकते हैं। इन सूक्ष्म कणों के शरीर में घुसने से सांस की समस्याएं, एलर्जी, और अन्य गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है।
क्या आप सुरक्षित हैं
साइंटिस्ट ने यह भी पाया कि बिना खुशबू वाले वैक्स मेल्ट्स से कोई हानिकारक कण नहीं बनते। इसका मतलब यह है कि मुख्य खतरा उन मोमबत्तियों से है जिनमें सुगंधित तत्व होते हैं। ये रसायन इन कणों के निर्माण में योगदान देते हैं और इनसे शरीर पर बुरा असर पड़ सकता है।
क्या हमें सावधान रहना चाहिए
वैज्ञानिकों का कहना है कि इस पर और शोध की आवश्यकता है, ताकि हम यह समझ सकें कि खुशबूदार मोमबत्तियां स्वास्थ्य के लिए किस हद तक खतरनाक हो सकती हैं। इस शोध से यह साफ है कि अगर आप घर में खुशबूदार मोमबत्तियों का उपयोग करते हैं, तो इसके संभावित खतरों से अवगत होना जरूरी है।
Disclaimer: यहां दी गई जानकारी केवल सामान्य सूचनात्मक उद्देश्यों के लिए है। किसी भी सुझाव को अमल में लाने से पहले डॉक्टर या एक्सपर्ट्स की सलाह जरूर लें।
