क्या आप अक्सर भोजन छोड़ने की आदत रखते हैं? क्या आप कभी खाली पेट लंबे समय तक रहने पर सिरदर्द महसूस करते हैं? हमने अक्सर सुना है कि नाश्ता छोड़ना सेहत के लिए हानिकारक हो सकता है, लेकिन क्या नियमित भोजन छोड़ने से भी हमारी सेहत पर बुरा असर पड़ता है? अगर आप जानना चाहते हैं कि मस्तिष्क पर भोजन छोड़ने का क्या असर होता है, तो घबराने की जरूरत नहीं है। आइये जानते हैं, नियमित भोजन छोड़ने से भी हमारी सेहत पर किस तरह का असर पड़ता है।
ग्लूकोज की कमी और मस्तिष्क पर प्रभाव
एक्सपर्ट्स के मुताबिक मस्तिष्क का मुख्य ऊर्जा स्रोत ग्लूकोज है। जब हम भोजन छोड़ते हैं, तो ग्लूकोज का स्तर गिर जाता है, और मस्तिष्क को सही तरीके से कार्य करने में परेशानी होती है। इससे एकाग्रता में कमी, याददाश्त में गड़बड़ी और मूड स्विंग्स हो सकते हैं।
वहीं लंबे समय तक ग्लूकोज की कमी होने पर तनाव हार्मोन जैसे कि कोर्टिसोल का स्तर बढ़ता है, जिससे संज्ञानात्मक कार्य में और गिरावट आती है और चिड़चिड़ापन या घबराहट बढ़ सकती है। यदि स्थिति गंभीर हो जाए, तो मस्तिष्क ऊर्जा के लिए कीटोन पर स्विच कर सकता है, लेकिन यह मानसिक भ्रम पैदा कर सकता है।
खाली पेट सिरदर्द क्यों होता है?
खाली पेट रहने पर सिरदर्द होना आमतौर पर कम ब्लड शुगर (हाइपोग्लाइसीमिया) के कारण होता है, जो मस्तिष्क की कार्यप्रणाली को प्रभावित करता है। ग्लूकोज की कमी शरीर को तनाव हार्मोन जैसे कोर्टिसोल और एड्रेनालाईन छोड़ने के लिए प्रेरित करती है, जिससे रक्त वाहिकाएं संकुचित और विस्तारित होती हैं, और सिरदर्द होता है।
उन्होंने यह भी बताया कि डिहाइड्रेशन और भूख से मांसपेशियों का तनाव सिरदर्द को और बढ़ा सकता है। मस्तिष्क
ब्लड शुगर में बदलाव के प्रति अत्यधिक संवेदनशील होता है, जिससे यह लक्षण और भी तीव्र हो सकते हैं।
भोजन के बीच आदर्श समय अंतराल
खाने के बीच आदर्श समय अंतराल सिरदर्द से बचने के लिए अलग-अलग हो सकता है, लेकिन अधिकतर विशेषज्ञ दिनभर में हर 4 से 6 घंटे में भोजन करने की सलाह देते हैं। यह समयसीमा ब्लड शुगर के स्तर को स्थिर बनाए रखने में मदद करती है और शरीर को ऊर्जा प्रदान करती है।
यही नहीं 6 घंटे से ज्यादा समय तक बिना भोजन के रहने से ब्लड शुगर का स्तर गिर सकता है, जिससे भूख के कारण सिरदर्द उत्पन्न हो सकता है। उन्होंने यह भी जोर दिया कि संतुलित आहार और स्नैक्स, जिनमें प्रोटीन और जटिल कार्बोहाइड्रेट्स हों, शरीर को ऊर्जा प्रदान करने में मदद कर सकते हैं और लंबे समय तक ब्लड शुगर में कमी नहीं आने देते।
Disclaimer: यहां दी गई जानकारी केवल सामान्य सूचनात्मक उद्देश्यों के लिए है। किसी भी सुझाव को अमल में लाने से पहले डॉक्टर की सलाह जरूर लें।
