आजकल की भागदौड़ और बदलती लाइफस्टाइल के चलते फिट रहना एक बड़ी चुनौती बन गया है। खासतौर पर हमारी आधुनिक जीवनशैली, जिसमें लोग ज्यादातर समय बैठे रहते हैं, स्वास्थ्य पर गंभीर असर डाल रही है। सीडेंट्री लाइफस्टाइल यानी शारीरिक गतिविधि की कमी, अब वैश्विक स्वास्थ्य समस्या बन चुकी है। खासतौर से कार्डियोवस्कुलर बीमारियों का खतरा बढ़ता जा रहा है, जो आजकल के आलसी और निष्क्रिय जीवन का परिणाम है।
वर्ल्ड हेल्थ ऑर्गेनाइजेशन (WHO) के मुताबिक शारीरिक गतिविधि की कमी दुनियाभर में मौत का चौथा सबसे बड़ा कारण बन चुकी है। हर साल 3.2 मिलियन यानी करीब 32 लाख लोग इस समस्या के कारण अपनी जान गंवा देते हैं। कोविड-19 महामारी के दौरान यह समस्या और भी ज्यादा बढ़ गई थी, क्योंकि लॉकडाउन और अन्य प्रतिबंधों के चलते लोग शारीरिक गतिविधियों से पूरी तरह दूर हो गए थे।
क्या रोजाना 10,000 कदम चलना जरूरी है?
फिजिकल फिटनेस के लिए यह मशहूर सलाह दी जाती है कि हर व्यक्ति को रोजाना 10,000 कदम चलने चाहिए। लेकिन क्या यह आंकड़ा सचमुच जरूरी है? यूरोपियन जर्नल ऑफ प्रिवेंटिव कार्डियोलॉजी की एक स्टडी के मुताबिक एक दिन में केवल 3,867 कदम चलने से भी कार्डियोवस्कुलर बीमारियों का खतरा काफी हद तक कम हो सकता है। यहां तक कि 2,337 कदम चलने से भी हृदय संबंधित समस्याओं और मौत का खतरा टल सकता है।
इस शोध में 17 देशों के 226,889 लोगों से डेटा एकत्र किया गया, जिसके आधार पर यह निष्कर्ष निकाला गया कि कुछ कम कदम चलने से भी स्वास्थ्य लाभ मिल सकते हैं।
कितने कदम चलने से कितना फायदा
अध्ययन में यह पाया गया कि हर दिन 1,000 कदम चलने से बीमारी के कारण मौत का जोखिम 15% तक कम हो सकता है। यदि आप 500 कदम और चलते हैं, तो कार्डियोवस्कुलर बीमारियों का खतरा 7% और घट सकता है। सबसे हैरानी की बात यह है कि रोज़ 4,000 कदम चलने से ही किसी भी कारण से मौत का खतरा काफी हद तक कम हो सकता है।
इसके अलावा 60 साल या उससे अधिक उम्र के लोगों को रोजाना 6,000 से 10,000 कदम चलने की सलाह दी जाती है, क्योंकि इससे मृत्यु दर 42% तक घट सकती है। वहीं, युवा वयस्कों को 7,000 से 13,000 कदम तक चलने से अपनी सेहत पर सकारात्मक प्रभाव देखने को मिल सकते हैं और यह खतरे को 49% तक घटा सकता है।
इस अध्ययन को पोलैंड के मेडिकल यूनिवर्सिटी ऑफ लोद्ज़ के कार्डियोलॉजी एक्सपर्ट मैकिज़ बानाच और जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर बानाच ने मिलकर किया।
Disclaimer: यहां दी गई जानकारी केवल सामान्य सूचनात्मक उद्देश्यों के लिए है। किसी भी सुझाव को अमल में लाने से पहले डॉक्टर की सलाह जरूर लें।
