हैदराबाद में हाल ही में दूषित मेयोनीज के कारण 100 से अधिक लोग बीमार पड़ गए, जिसमें एक महिला की जान भी चली गई। इस घटना के बाद तेलंगाना सरकार ने कच्चे अंडे से बनी मेयोनीज पर एक साल के लिए बैन लगाने का फैसला किया है। यह फैसला न केवल हैदराबाद के लिए, बल्कि पूरे राज्य के स्वास्थ्य सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। आपको बता दें कि तेलंगाना ऐसा पहला राज्य नहीं है; इससे पहले केरल भी इसी प्रकार का कदम उठा चुका है।
बैन का कारण
तेलंगाना सरकार ने मेयोनीज पर प्रतिबंध लगाने का निर्णय हालिया जांच के बाद लिया, जिसमें पता चला कि कई लोग स्ट्रीट फूड के सेवन से बीमार पड़े थे। जांच में खुलासा हुआ कि इनमें से कई खाद्य पदार्थों में कच्चे अंडे से बनी मेयोनीज का इस्तेमाल किया गया था, जो ठीक से न बनने के कारण जहरीली हो गई। कच्चे अंडों में मौजूद सल्मोनेला बैक्टीरिया तेजी से पनप सकते हैं, जिससे फूड पॉइजनिंग और अन्य स्वास्थ्य समस्याएं हो सकती हैं।
मेयोनीज के स्वास्थ्य पर प्रभाव
फूड पॉइजनिंग
कच्चे अंडे से बनी मेयोनीज में सल्मोनेला बैक्टीरिया हो सकते हैं, जो दस्त, बुखार और पेट में ऐठन का कारण बनते हैं। यही सबसे बड़ी वजह है कि तेलंगाना सरकार ने यह कदम उठाया।
वजन बढ़ना
मेयोनीज में उच्च कैलोरी होती है। नियमित और अधिक मात्रा में सेवन से वजन बढ़ सकता है, जो कई स्वास्थ्य समस्याओं का कारण बन सकता है।
दिल की बीमारी का खतरा
इसमें मौजूद ट्रांस फैट्स और सैचुरेटेड फैट्स का अधिक सेवन कार्डियोवैस्कुलर डिजीज का खतरा बढ़ा सकता है।
ब्लड प्रेशर बढ़ना
मेयोनीज में उच्च सोडियम स्तर हो सकता है, जो हाई ब्लड प्रेशर का कारण बन सकता है।
डायबिटीज का जोखिम
अधिक फैट और चीनी युक्त फूड्स का सेवन इंसुलिन सेंसिटिविटी को प्रभावित कर सकता है, जिससे डायबिटीज का खतरा बढ़ जाता है।
गैस्ट्रिक समस्याएं
मेयोनीज में इस्तेमाल किए गए संरक्षकों और उच्च मात्रा में फैट पेट की समस्याएं जैसे अपच और गैस का कारण बन सकते हैं।
खराब मेयोनीज की पहचान
गंध
ताजा मेयोनीज में हल्की खट्टी गंध होती है। अगर इसमें तेज या बासी बदबू आ रही हो, तो यह खराब हो सकती है।
रंग
ताजा मेयोनीज सफेद या हल्के क्रीम रंग का होता है। अगर इसका रंग पीला, भूरा या ग्रे हो गया है, तो यह खराब हो चुका है।
स्वाद
यदि मेयोनीज का स्वाद खट्टा या कड़वा है, तो इसका सेवन न करें। खराब मेयोनीज में अजीब स्वाद हो सकता है।
बनावट
खराब मेयोनीज में पानी अलग हो सकता है और यह गाढ़ा होने के बजाय ढीला हो जाता है।
एक्सपायरी डेट
पैकेट पर दी गई एक्सपायरी डेट की जांच करें। एक्सपायरी डेट के बाद इसे न खाएं।
