दिल्ली के जैतपुर इलाके में स्थित नर्सिंग होम में एक डॉक्टर की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। मरहम पट्टी करवाने के लिए आए दो लड़कों ने डॉक्टर को नजदीक से सिर में गोली मार दी। मौके पर ही डॉक्टर जावेद ने दम तोड़ दिया है। हैरानी की बात यह है कि आरोपी महज 16-17 साल के बताए जा रहे हैं। एक दिन पहले ही दोनों नीमा हॉस्पिटल नाम के नर्सिंग होम में इलाज करवाने के लिए आए थे। दिल्ली पुलिस को गुरुवार रात 1:45 बजे पीसीआर पर एक कॉल मिली। कॉल करने वाले ने कहा कि अस्पताल में एक डॉक्टर को गोली मारी है और हम पड़ोसी बोल रहे हैं। पता नहीं वह जिंदा है या नहीं। सूचना के तुरंत बाद पुलिस ने तीन बेड वाले नीमा हॉस्पिटल नाम के नर्सिंग होम में पहुंची। यहां डॉक्टर जावेद अपनी कुर्सी पर थे और सिर टेबल पर झुका हुआ था। सिर से काफी खून भी निकल रहा था।

एक दिन पहले करवाई थी ड्रेसिंग

पूछताछ के बाद पुलिस को पता चला कि 16-17 साल के दो लड़के करीब एक बजे नर्सिंग होम आए थे। इसमें से एक ने अपने अपने पैर की अंगुलि में ड्रेसिंग बदलने के लिए कहा था। इसी नर्सिंग होम में पिछली रात भी उसने ड्रेसिंग करवाई थी। नर्सिंग स्टाफ मोहम्मद कमील ने ड्रेसिंग की। इसके बाद दोनों दवा की पर्ची के लिए यूनीनी प्रैक्टिशनर जावेद के केबिन में गए। कुछ देर बाद नर्सिंग स्टाफ गजाला प्रवीण और मोहम्मद कमील ने गोली चलने की आवाज सुनी। दोनों कैबिन में पहुंचे तो डॉक्टर जावेद को खून में लथपथ पाया। उनके सिर के बाई ओर से खून निकल रहा था। पुलिस ने बताया कि दोनों लड़के एक दिन पहले भी अस्पताल में आए थे और ड्रेसिंग करवाई थी। यह टारगेट किलिंग का मामला लगता है क्योंकि यह बिना उकसाए हुए किया गया है और हमलावारों ने पिछली रात रेकी की थी। नर्सिंग होम में रिस्पेशन ड्रेसिंग रुम में गैलरी में सीसीटीवी लगा है। सीसीटीवी फुटेज के जरिए आरोपियों की पहचान की जा रही है।

डॉक्टरों की सुरक्षा को लेकर खड़े हुए सवाल

यह वारदात ऐसे समय पर हो गई है जब कोलकाता के आरजी कर अस्पताल में महिला डॉक्टर से रेप और हत्या के बाद देशभर के डॉक्टर्स हड़ताल पर चले गए थे। दिल्ली में भी कई दिनों तक डॉक्टर सुरक्षा की चिंता जाहिर करते हुए हड़ताल पर रहे। इस दौरान मरीजों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा था। दिल्ली के कालिंदी कुंज में इस घटना के बाद एक बार फिर से डॉक्टरों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।

By tnm

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *