कई लोगों को इंजेक्शन से डर लगता है, लेकिन आईआईटी बॉम्बे ने इस समस्या का समाधान ढूंढ लिया है। आईआईटी बॉम्बे के शोधकर्ताओं ने एक नई सिरिंज विकसित की है, जो न केवल दर्द रहित और सुरक्षित है, बल्कि पारंपरिक सुई वाले इंजेक्शन से कहीं बेहतर साबित हो सकती है। इस सिरिंज में शॉकवेव्स का उपयोग किया गया है, जो बिना सुई के त्वचा में प्रवेश कर दवा को शरीर में पहुंचाती हैं। इस शोध से स्वास्थ्य क्षेत्र में एक नई क्रांति की उम्मीद जताई जा रही है।
शॉकवेव-आधारित सिरिंज: बिना सुई के इंजेक्शन
आईआईटी बॉम्बे के एयरोस्पेस इंजीनियरिंग विभाग की टीम ने एक शॉकवेव-आधारित सिरिंज विकसित की है। यह सिरिंज पारंपरिक सुई के बजाय शॉकवेव्स (उच्च ऊर्जा दबाव तरंगों) का उपयोग करती है, जो त्वचा में प्रवेश करने के लिए सुई के तेज प्रवाह की आवश्यकता को खत्म कर देती है। इस शॉकवेव सिरिंज का मुख्य उद्देश्य दर्द और संक्रमण के जोखिम को कम करना है।
किसके लिए फायदेमंद?
यह सिरिंज खासतौर पर उन लोगों के लिए फायदेमंद होगी जो सुई से डरते हैं और चिकित्सीय उपचार से कतराते हैं।
डायबिटीज के मरीजों, जो इंसुलिन इंजेक्शन लेते हैं, के लिए यह सिरिंज एक वरदान साबित हो सकती है। इसके अलावा टीकाकरण जैसे अन्य उपचारों में भी इसे उपयोगी पाया जा सकता है, खासकर उन लोगों के लिए जो इंजेक्शन से घबराते हैं।
सुई के बिना दवा का वितरण
इस सिरिंज की तकनीक में शॉकवेव्स का उपयोग किया जाता है, जो ध्वनि की गति से तेज़ी से यात्रा करती हैं और त्वचा को बिना छेद किए दवा को शरीर में भेजती हैं। प्रियंका हंकारे, शोध टीम की प्रमुख ने बताया कि शॉक सिरिंज का डिजाइन इस तरह से किया गया है कि यह त्वचा और अंदरूनी ऊतकों को नुकसान कम से कम पहुंचाती है। इसके अलावा दवा का वितरण सटीक और निरंतर होता है, जिससे उपचार अधिक प्रभावी होता है।
दवाओं का वितरण और परीक्षण
शोधकर्ताओं ने चूहों पर तीन अलग-अलग दवाओं के परीक्षण किए, जिसमें एनेस्थेटिक और एंटीफंगल दवाएं शामिल थीं। इन परीक्षणों में यह पाया गया कि शॉक सिरिंज ने सुई की तुलना में दवा को बेहतर तरीके से वितरित किया। खासतौर पर, डायबिटीज के चूहों में इंसुलिन का उपयोग करने पर, शॉक सिरिंज ने रक्त शर्करा को अधिक प्रभावी तरीके से कम किया और स्थिर रखा।
सुई की तुलना में बेहतर परिणाम
चूहों की त्वचा के नमूनों के स्टडी में यह पाया गया कि शॉक सिरिंज ने त्वचा में दवा को अधिक गहराई तक पहुंचाया। इसके अलावा, शॉक सिरिंज ने सुई की तुलना में कम सूजन उत्पन्न की और त्वचा को कम नुकसान पहुंचाया। इससे यह सुनिश्चित होता है कि इंजेक्शन के स्थान पर घाव जल्दी ठीक होते हैं और इलाज का असर लंबे समय तक रहता है।
आगे की संभावनाएं
आईआईटी बॉम्बे द्वारा विकसित शॉक सिरिंज ने सिर्फ दर्द रहित इंजेक्शन की संभावना को बल दिया है, बल्कि यह भविष्य में स्वास्थ्य क्षेत्र में और भी कई सुधारों की नींव रख सकती है। इस नई सिरिंज के माध्यम से चिकित्सीय उपचार को अधिक सुलभ, सुरक्षित और प्रभावी बनाया जा सकता है, जो न केवल भारत बल्कि पूरी दुनिया में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकता है।
