आज तेजी से देशभर में हेल्थ सेवाओं में सुधार हो रहा है। ऐसे में अब गाजियाबाद के लोनी के निवासियों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं में बड़ा सुधार हो रहा है। अब एक रुपये की पर्ची बनवाकर अल्ट्रासाउंड जांच की सुविधा प्राप्त की जा सकेगी। इस पहल के तहत लोनी स्थित 50 बेड के संयुक्त अस्पताल में अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस एक नया अल्ट्रासाउंड सेंटर स्थापित किया गया है। यह सेंटर सोमवार से मरीजों के लिए उपलब्ध होगा, जिससे लोनी और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को बड़ा लाभ मिलेगा।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. अखिलेश मोहन ने इस पहल के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि नए अल्ट्रासाउंड सेंटर में अत्याधुनिक मशीनें लगाई गई हैं, जो सटीक और त्वरित जांच प्रदान करेंगी। इस सेंटर के माध्यम से ओपीडी और इमरजेंसी में आने वाले सभी मरीजों की अल्ट्रासाउंड जांच डॉक्टर की सलाह पर बिल्कुल मुफ्त की जाएगी। इससे पहले, लोनी और उसके आसपास के मरीजों को अल्ट्रासाउंड जांच के लिए जिला एमएमजी अस्पताल या संयुक्त अस्पताल तक जाना पड़ता था, लेकिन इस नए सेंटर के खुलने से उनकी यह भागदौड़ समाप्त हो जाएगी।
नए सेंटर से घटेगा बोझ
लोनी के अलावा मुरादनगर और मोदीनगर से भी बड़ी संख्या में मरीज जिला अस्पतालों में अल्ट्रासाउंड कराने आते थे, जिससे वहां भारी भीड़ हो जाती थी। इस नए अल्ट्रासाउंड सेंटर के खुलने से जिला एमएमजी अस्पताल और संयुक्त अस्पताल पर मरीजों का दबाव कम होगा, जिससे वहां की सेवाएं भी बेहतर हो सकेंगी। साथ ही, मरीजों को अब लंबी दूरी तय करके शहर के बड़े अस्पतालों तक जाने की जरूरत नहीं होगी। मुरादनगर के सीएचसी को भी अल्ट्रासाउंड मशीन मिल गई है, जिससे वहां के मरीजों को भी बेहतर सुविधाएं मिलने लगेंगी।
मरीजों को होगी सुविधा
इस नई सुविधा के तहत लोनी के लोगों को अपनी अल्ट्रासाउंड जांच कराने के लिए प्रतीक्षा नहीं करनी पड़ेगी, और उन्हें मात्र एक रुपये की पर्ची बनवाकर यह जांच करवाने का मौका मिलेगा। सरकार की इस पहल का उद्देश्य न केवल स्वास्थ्य सेवाओं को सुलभ बनाना है, बल्कि आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को भी उच्च स्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करना है।
स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार
स्वास्थ्य सेवाओं में यह सुधार लोनी के निवासियों के लिए एक बड़ा राहत साबित होगा। सरकार और स्वास्थ्य विभाग की यह कोशिश है कि दूर-दराज के क्षेत्रों में भी उच्च गुणवत्ता वाली स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें, ताकि लोगों को समय पर जांच और इलाज मिल सके। इससे न सिर्फ लोगों की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का समाधान होगा, बल्कि जिला अस्पतालों पर पड़ने वाले दबाव में भी कमी आएगी।
