Mpox क्लेड1 को लेकर WHO ने वर्ल्ड हेल्थ इमरजेंसी घोषित कर दी थी, जिसके बाद से अब भारत सरकार भी अलर्ट है।ऐसे में स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से लगातार नोटिफिकेशन्स जारी किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में स्वास्थ्य सचिव अपूर्व चंद्रा की ओर से गुरुवार (26 सितंबर) को सभी राज्यों को एक चिट्ठी लिखी गई। इस चिट्ठी में सभी राज्यों को एमपॉक्स से संबंधित दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
राज्यों को दिए गए ये निर्देश
स्वास्थ मंत्रालय ने सभी राज्यों/संविधानिक क्षेत्रों से अनुरोध किया है कि वे लोगों को इस रोग, इसके फैलने के तरीकों, समय पर रिपोर्टिंग की जरुरत और निवारक उपायों के बारे में जागरूक करें। जनता भी इसको लेकर पैनिक न हो, इस पर खासतौर से ध्यान दिया जाए।

केरल में मिला पहला मामला
Mpox क्लेड 1b का पहला मामला केरल में सामने आया है जिसकी पुष्टि स्वास्थ्य मंत्रालय के सूत्रों ने बीते दिनों की है। यह शख्स 38 साल का है और हाल ही में दुबई से लौटा था. फिलहाल इस शख्स को आइसोलेशन में रखा गया है और उसका इलाज चल रहा है।
अधिकारियों को दिए गए ये निर्देश
स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से चिट्ठी में लिखा गया है कि राज्य और जिलों में स्वास्थ्य सुविधाओं पर सार्वजनिक स्वास्थ्य की तैयारी की समीक्षा वरिष्ठ अधिकारी ही करें।
राज्यों के लिए गाइडलाइंस
. अस्पतालों में संदिग्ध और पुष्टि किए गए मामलों की देखभाल के लिए आइसोलेशन सुविधाओं की पहचान करें।
.संभावित एमपॉक्स के लक्षण वाले किसी भी मरीज की त्वचा के घावों से नमूने तुरंत निर्दिष्ट प्रयोगशाला में भेजे जाने चाहिए।
.आवश्यक लॉजिस्टिक्स और ऐसी सुविधाओं में प्रशिक्षित मानव संसाधनों की उपलब्धता और संवर्धन योजना बनाई जाए।
. जिन मरीजों के रिजल्ट पॉजिटिव हैं, उनके नमूने क्लेड निर्धारित करने के लिए ICMR-NIV को भेजे जाने चाहिए।
.सभी संदिग्ध एमपॉक्स मामलों को आइसोलेट किया जाना चाहिए और सख्त संक्रमण रोकथाम और नियंत्रण उपायों को लागू किया जाना चाहिए। उपचार लक्षणात्मक है और उपलब्ध उपचार दिशानिर्देशों का पालन किया जाना चाहिए।

. रोबस्ट डायग्नोस्टिक परीक्षण क्षमता पहले से ही उपलब्ध है। पूरे देश में ICMR द्वारा समर्थित 36 प्रयोगशालाएं और तीन व्यावसायिक PCR किट हैं, जो ICMR द्वारा मान्यता प्राप्त हैं। इन्हें CDSCO ने भी अनुमोदित कर दिया है।
. उपरोक्त निवारक उपायों को लागू करके और अनुशंसित प्रबंधन दिशानिर्देशों का पालन करके हम व्यक्तियों के स्वास्थ्य और कल्याण की रक्षा कर सकते हैं और एमपॉक्स के प्रकोप के प्रभाव को कम कर सकते हैं।
मंत्रालय की तरफ से जारी की गई चिट्ठी में लिखा गया है कि केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय स्थिति की निकटता से निगरानी करता रहेगा। इस संबंध में राज्यों और संघ शासित क्षेत्रों को सभी आवश्यक समर्थन प्रदान करेगा।
