Syphilis Virus: जापान के बड़े शहरों, खासकर राजधानी टोक्यो में, सिफलिस वायरस के मामले तेजी से बढ़ते जा रहे हैं। यौन संचारित इस बीमारी ने शहर में अब तक 2,500 से अधिक लोगों को संक्रमित किया है। इनमें 70 प्रतिशत से अधिक मामले पुरुषों के हैं। यह बीमारी खासतौर पर 20 से 50 वर्ष के पुरुषों और 20 से 30 वर्ष की महिलाओं को प्रभावित कर रही है। चिंता की बात यह है कि इस वायरस से केवल वयस्क ही नहीं, बल्कि नवजात शिशु भी इसका शिकार हो रहे हैं। टोक्यो सरकार ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी को सिफलिस से जुड़े लक्षण दिखाई दें, तो वह तुरंत अपनी जांच और इलाज कराएं, ताकि इस खतरनाक बीमारी के प्रसार को रोका जा सके। आइए जानते हैं, सिफलिस वायरस क्या है, इसके लक्षण क्या हैं, और इससे कैसे बचा जा सकता है।

क्या है सिफलिस वायरस

सिफलिस एक यौन संचारित रोग है, जो बैक्टीरिया ट्रेपोनेमा पैलिडम (Treponema pallidum) के कारण होता है। यह रोग मुख्य रूप से यौन संपर्क के माध्यम से फैलता है, लेकिन संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आने से भी फैल सकता है। सिफलिस धीरे-धीरे शरीर में बढ़ता है और यह अलग-अलग चरणों में प्रकट होता है। यह एक बेहद खतरनाक बीमारी है, जो समय पर इलाज न होने पर दिल, दिमाग, और नसों को गंभीर नुकसान पहुंचा सकती है।

सिफलिस वायरस के लक्षण

सिफलिस के लक्षण इसके चरणों पर निर्भर करते हैं। इसमें चार मुख्य चरण होते हैं:

प्राइमरी सिफलिस

इस चरण में संक्रमित व्यक्ति के शरीर के निजी अंग, मुंह, जीभ, या बगल में घाव या दाने दिखाई देते हैं। यह घाव बिना दर्द के होते हैं, इसलिए लोग इन्हें नजरअंदाज कर देते हैं।

सेकेंडरी सिफलिस

इस चरण में त्वचा पर रैशेज दिखाई देते हैं, लिम्फ नोड्स में सूजन आती है, और कमजोरी के साथ बुखार हो सकता है। इसके साथ ही बाल गिरने शुरू हो जाते हैं।

लेटेंट सिफलिस
इस चरण में कोई स्पष्ट लक्षण नहीं होते, लेकिन व्यक्ति अब भी संक्रमित होता है और बीमारी अंदर ही अंदर बढ़ती रहती है।

टेर्शियरी सिफलिस

यह सिफलिस का सबसे गंभीर चरण है। इसमें दिल, दिमाग, नसें, और रक्त कोशिकाएं प्रभावित हो जाती हैं, जिससे स्थायी शारीरिक क्षति हो सकती है। इससे व्यक्ति की दृष्टि, सुनने की क्षमता, और यहां तक कि जीवन को भी खतरा हो सकता है।

नवजात शिशुओं में सिफलिस के लक्षण

जब गर्भवती महिला सिफलिस से संक्रमित होती है, तो यह वायरस नवजात शिशु में भी पहुंच सकता है। संक्रमित शिशुओं में त्वचा पर चकत्ते और असामान्यताएं दिखाई देती हैं। शुरुआती लक्षणों के बिना भी, कुछ सालों में आंखों की सूजन और सुनने की क्षमता में कमी जैसे लक्षण विकसित हो सकते हैं। समय पर इलाज न होने पर नवजात शिशुओं में ब्रेन और हार्ट की गंभीर समस्याएं हो सकती हैं। इसके अलावा गर्भवती महिला के संक्रमित होने पर समय से पहले बच्चे का जन्म, मृत शिशु का जन्म, या जन्म के समय शिशु का वजन कम होना जैसी समस्याएं हो सकती हैं।

सिफलिस से बचाव कैसे करें

यौन संपर्क में सावधानी

सिफलिस से बचाव के लिए सुरक्षित यौन संबंध बनाना अत्यधिक जरूरी है। इसके लिए कंडोम का उपयोग करें और नियमित रूप से अपनी जांच करवाएं।

शरीर की साफ-सफाई

संक्रमित व्यक्ति के संपर्क से बचें और व्यक्तिगत हाइजीन का ध्यान रखें।

समय पर उपचार

सिफलिस के लक्षण नजर आने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें। यह बीमारी एंटीबायोटिक्स द्वारा पूरी तरह से ठीक हो सकती है, लेकिन इलाज में देरी करने से स्थिति गंभीर हो सकती है।

सिफलिस जैसी यौन संचारित बीमारियां व्यक्ति की जिंदगी पर गहरा प्रभाव डाल सकती हैं। समय रहते उचित कदम उठाकर, सावधानी और इलाज के माध्यम से इस बीमारी से बचा जा सकता है।

By tnm

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *