दिमाग की नस फटने या ब्रेन हेमरेज, जिसे ब्रेन ब्लीडिंग के नाम से भी जाना जाता है, एक अत्यंत गम्भीर और जानलेवा स्थिति है। इसमें मस्तिष्क के किसी हिस्से में ब्लीडिंग हो जाता है, जिससे दिमाग के कार्यों में गड़बड़ी उत्पन्न होती है। यह स्थिति कई कारणों से उत्पन्न हो सकती है, जिनमें हाई ब्लड प्रेशर, सिर की चोट, या दिमाग की नसों में डिस्टोर्शन शामिल है। यह स्ट्रोक का एक प्रकार है, जो तुरंत चिकित्सा देखभाल की आवश्यकता रखता है।

सदगुरु जग्गी वासुदेव का मामला

हाल ही में प्रसिद्ध आध्यात्मिक गुरु और ईशा फाउंडेशन के संस्थापक,सदगुरु जग्गी वासुदेव को ब्रेन हेमरेज का सामना करना पड़ा। उन्हें तुरंत इमरजेंसी ब्रेन सर्जरी की आवश्यकता पड़ी, जो दिल्ली के अपोलो हॉस्पिटल में की गई। इस सर्जरी का निर्णय तत्काल लिया गया क्योंकि सदगुरु एक जानलेवा स्थिति में थे, और उनकी जान बचाने के लिए सर्जरी आवश्यक थी। डॉ. विनीत सुरी जिन्होंने यह सर्जरी की, ने बताया कि सदगुरु को पिछले 4 सप्ताह से तेज सिरदर्द हो रहा था जिसे उन्होंने नजरअंदाज कर दिया था।

ब्रेन ब्लीडिंग के कारण

ब्रेन ब्लीडिंग या ब्रेन हेमरेज का सबसे बड़ा कारण दिमाग की नसों या धमनियों का डैमेज होना या उनका फटना है। जब यह होता है, तो रक्त मस्तिष्क के ऊतकों में फैल जाता है और खोपड़ी में दबाव बढ़ाता है। इस दबाव के कारण मस्तिष्क के कार्यों में बाधा उत्पन्न होती है, और मस्तिष्क तक ऑक्सीजन की आपूर्ति भी कम हो जाती है। यह एक अत्यधिक गम्भीर स्थिति है और यदि समय पर इलाज न मिले, तो यह घातक हो सकती है।

ब्रेन हेमरेज के लक्षण

ब्रेन हेमरेज के लक्षण स्थिति की गम्भीरता और ब्लीडिंग पर निर्भर करते हैं। सामान्यतया ब्रेन ब्लीडिंग के दौरान ये लक्षण दिखाई दे सकते हैं:

अचानक से तेज सिरदर्द

यह ब्रेन हेमरेज का सबसे पहला और प्रमुख लक्षण हो सकता है। सिरदर्द अत्यंत तीव्र और अचानक से होता है।

उल्टी या मतली

मस्तिष्क में बढ़ते दबाव के कारण व्यक्ति को उल्टी या मतली हो सकती है।

कमजोरी

ब्रेन ब्लीडिंग के कारण व्यक्ति के शरीर में कमजोरी महसूस हो सकती है, विशेष रूप से शरीर के एक तरफ।

चक्कर आना

सिर घूमने या अस्थिरता का अनुभव हो सकता है।

चेहरा सुन्न हो जाना

चेहरा या शरीर का कोई अन्य हिस्सा सुन्न हो सकता है, जिससे संवेदनशीलता में कमी आ जाती है।

हाथ-पैर सुन्न हो जाना

हाथों या पैरों में झनझनाहट या सुन्नता हो सकती है।

बात करने में दिक्कत

व्यक्ति को बोलने में कठिनाई हो सकती है। शब्दों का उच्चारण सही से नहीं हो पाता।

ठीक से देख ना पाना

दृष्टि में धुंधलापन या अन्य समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं।

मतिभ्रम

व्यक्ति को भ्रम या समझने में कठिनाई हो सकती है। यह स्थिति मस्तिष्क में हो रहे गड़बड़ी का संकेत हो सकती है।

मिर्गी के दौरे

ब्लीडिंग के कारण मस्तिष्क में गड़बड़ी उत्पन्न हो सकती है, जिससे मिर्गी के दौरे पड़ सकते हैं।

क्या करें अगर ब्रेन ब्लीडिंग के लक्षण दिखें

यदि किसी व्यक्ति में इन लक्षणों में से कोई भी दिखाई दे, तो उसे तुरंत चिकित्सा सहायता प्राप्त करने की आवश्यकता होती है। समय पर अस्पताल पहुंचकर सटीक जांच और उपचार आवश्यक है। यह ध्यान रखना जरूरी है कि ब्रेन ब्लीडिंग एक आपातकालीन स्थिति है, जिसमें किसी भी प्रकार की देरी जानलेवा साबित हो सकती है। इसलिए यदि किसी व्यक्ति को लंबे समय से सिरदर्द हो रहा हो या अन्य लक्षण दिखाई दे रहे हों, तो उसे तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए।

सदगुरु जग्गी वासुदेव के मामले ने लोगों में ब्रेन हेमरेज की गंभीरता को लेकर जागरूकता बढ़ाई है। इस स्थिति को हल्के में न लें और समय पर उचित चिकित्सा सहायता प्राप्त करें।

By tnm

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *