सोरायसिस एक गंभीर त्वचा संबंधी बीमारी है, जो पुरुषों में महिलाओं की तुलना में दोगुनी बार होती है। यह एक ऑटोइम्यून बीमारी है, जिसका मतलब है कि शरीर का इम्यून सिस्टम खुद अपनी स्वस्थ कोशिकाओं पर हमला करने लगता है, जिससे त्वचा पर मोटे, लाल, पपड़ीदार धब्बे बनते हैं। कोहनी, घुटने, पीठ के निचले हिस्से और सिर के आस-पास के भाग सबसे अधिक प्रभावित होते हैं।
सोरायसिस के लक्षण
सोरायसिस के लक्षणों में खुजली, जलन, सूजी हुई और सूखी त्वचा, लाल छाले, और फटी हुई त्वचा शामिल हैं। यह एक लॉन्ग टर्म बीमारी है, जिसका कोई स्थायी इलाज नहीं है। हालांकि दवाएं और जीवनशैली में बदलाव करके इस बीमारी को नियंत्रित किया जा सकता है। समय पर ध्यान न देने पर यह बीमारी तेजी से फैल सकती है और स्थिति गंभीर हो सकती है।
सोरायसिस के कारण
हेल्थ एक्सपर्ट्स के मुताबिक सोरायसिस इम्यून सिस्टम की गड़बड़ी के कारण होती है। इसमें इम्यून सिस्टम ओवरएक्टिव हो जाता है, जिससे शरीर की स्वस्थ कोशिकाएं खत्म होने लगती हैं और इसका असर त्वचा पर दिखाई देता है। इसकी शुरुआत में त्वचा पर खुजली होती है, और अगर इसे समय पर इलाज न मिले, तो यह बीमारी बढ़कर त्वचा पर पपड़ी और घावों का कारण बन सकती है। इसके अलावा सोरायसिस जेनेटिक भी हो सकता है, यानी परिवार में अगर किसी को यह बीमारी है, तो उसके सदस्य को भी इसके होने की संभावना बढ़ जाती है।
सोरायसिस का प्रभाव और साइड इफेक्ट्स
डॉक्टरों के अनुसार सोरायसिस का सबसे ज्यादा प्रभाव हाथ और पीठ पर होता है, और बढ़ती उम्र के साथ यह पूरे शरीर पर फैल सकता है। यह बीमारी न केवल शारीरिक रूप से बल्कि मानसिक रूप से भी मरीज को प्रभावित करती है। इससे पीड़ित व्यक्ति में हीन भावना, एंग्जाइटी और डिप्रेशन की समस्या बढ़ सकती है, क्योंकि इस बीमारी के कारण लोग सामाजिक रूप से सक्रिय नहीं रह पाते और खुद को अकेला महसूस करने लगते हैं।
सोरायसिस से बचाव के उपाय
हालांकि सोरायसिस का कोई स्थायी इलाज नहीं है, लेकिन कुछ उपायों से इसे नियंत्रित किया जा सकता है।
त्वचा को ड्राई न रखें
त्वचा को मॉइस्चराइज रखना बहुत जरूरी है। इससे त्वचा की नमी बनी रहती है और पपड़ीदार धब्बों से बचाव होता है।
खुजली की समस्या होने पर डॉक्टर को दिखाएं
अगर त्वचा पर खुजली या लाल धब्बे दिखें, तो बिना देरी के डॉक्टर से सलाह लें।
शराब का सेवन न करें
शराब का सेवन सोरायसिस के लक्षणों को और बढ़ा सकता है, इसलिए इसे अवॉयड करना चाहिए।
मॉइस्चराइजर का इस्तेमाल करें
त्वचा को स्वस्थ और नर्म बनाए रखने के लिए नियमित रूप से मॉइस्चराइजर का उपयोग करें।
इन उपायों से सोरायसिस को नियंत्रित करने में मदद मिल सकती है, लेकिन अगर लक्षण बढ़ते हैं, तो डॉक्टर की सलाह से इलाज कराना बेहद जरूरी है।
